डिगवाडीह में बिजली संकट पर हंगामा, सड़क जाम में फंसे मेयर संजीव सिंह

Updated:
विज्ञापन

सड़क जाम करते लोगों को समझाते मेयर संजीव सिंह | Prabhat Khabar Network

डिगवाडीह बाजार के आसपास 100 से अधिक परिवारों को 30 घंटे से बिजली नहीं मिलने से आक्रोशित लोगों ने झरिया-सिंदरी मुख्य मार्ग जाम कर दिया. इस दौरान धनबाद के मेयर संजीव सिंह भी जाम में फंस गए.

विज्ञापन

डिगवाडीह बाजार के आसपास करीब सौ परिवारों के घर 30 घंटे से बिजली गुल रहने से आक्रोशित लोगों ने शुक्रवार रात करीब आठ बजे झरिया-सिंदरी मुख्य मार्ग जाम कर दिया. आक्रोशित लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर करीब आधे घंटे तक प्रदर्शन किया. जाम के दौरान चासनाला की ओर से लौट रहे धनबाद के मेयर संजीव सिंह भी फंस गये. उन्होंने वाहन से उतरकर लोगों से बिजली समस्या की जानकारी ली.

आपके शहर में

विज्ञापन

सिंगल फेज की समस्या से परेशान हैं लोग

स्थानीय लोगों ने बताया कि डिगवाडीह घटवार बस्ती, बालू लाइन, इस्लामपुर और पुरानी बस्ती में लंबे समय से सिंगल फेज की समस्या बनी हुई है. लोगों के अनुसार, वैसे भी क्षेत्र में 24 घंटे में करीब 12 घंटे ही बिजली मिलती है. सिंगल फेज की समस्या के कारण उपलब्ध बिजली भी नियमित रूप से नहीं मिल पाती.

लोगों ने बताया कि गुरुवार शाम करीब छह बजे सिंगल फेज की समस्या के कारण बिजली गुल हुई थी. शुक्रवार रात तक करीब 30 घंटे बीत जाने के बाद भी आपूर्ति बहाल नहीं हुई. इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.

जीएम से बात के बाद हटा जाम

मेयर संजीव सिंह ने मौके से ही बिजली विभाग के जीएम से फोन पर बात की. उन्होंने अधिकारियों से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल कराने को कहा. जीएम से मिले आश्वासन के बाद लोगों ने करीब आधे घंटे बाद सड़क जाम हटा लिया.

इधर, जोड़ापोखर थाना प्रभारी उदय कुमार गुप्ता भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने जाम में फंसे वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया.

दो घंटे में खराबी दूर करने का आश्वासन

मेयर संजीव सिंह ने बताया कि बिजली विभाग के जीएम से वार्ता हुई है. बलियापुर से केबल मंगाकर करीब दो घंटे में खराबी दूर करने का आश्वासन दिया गया है. उन्होंने बताया कि एसडीओ को क्षेत्र में नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, तकनीकी खराबी वाले तारों को बदलने और किसी भी तरह की खराबी को अविलंब दूर करने का निर्देश दिया गया है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola