धनबाद में पेयजल संकट पर प्रहार, 180 नये ट्यूबवेल और खराब हैंडपंपों की मरम्मत के लिए जारी हुए टेंडर
धनबाद में पेयजल संकट से निबटने के लिए 2.28 करोड़ की योजना. (AI Image)
गर्मी के मौसम में संभावित पेयजल संकट से निपटने के लिए धनबाद जिले में 180 नए ट्यूबवेल बनाए जाएंगे और पुराने हैंडपंपों की मरम्मत होगी. 2.28 करोड़ की लागत से होने वाले इस काम से ग्रामीण क्षेत्रों को राहत मिलेगी.
धनबाद. गर्मी के मौसम में संभावित पेयजल संकट से निबटने के लिए धनबाद जिले में तैयारी शुरू कर दी गयी है. पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के दोनों प्रमंडलों ने पुराने हैंडपंपों की मरम्मत और नये डीप बोरिंग हैंडपंप लगाने की योजना तैयार की है. इसके तहत करीब 2.28 करोड़ रुपये की लागत से 180 नये ट्यूबवेल बनाये जायेंगे. वहीं, पुराने इंडिया मार्क-टू हैंडपंपों की मरम्मत के लिए 8.43 लाख रुपये के स्पेयर पार्ट्स की आपूर्ति की जायेगी.
इन योजनाओं के लिए दोनों प्रमंडलों ने अलग-अलग निविदा जारी की है. विभाग को उम्मीद है कि काम पूरा होने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की उपलब्धता बेहतर होगी और गर्मी में जलस्तर गिरने से चापाकल सूखने की समस्या से निबटने में मदद मिलेगी.
ये भी पढ़ें: मुनीडीह कोल वाशरी में वेल्डिंग के दौरान कैसे भड़की आग, प्रबंधन ने क्यों साधी चुप्पी
एक महीने में स्पेयर पार्ट्स की होगी आपूर्ति
पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल संख्या-एक ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए इंडिया मार्क-टू डीप वेल हैंडपंप के स्पेयर पार्ट्स की आपूर्ति का टेंडर जारी किया है. इसकी अनुमानित लागत 8.43 लाख रुपये निर्धारित की गयी है. चयनित एजेंसी को एक महीने के अंदर पुर्जों की आपूर्ति करनी होगी. इससे जिले में खराब पड़े हैंडपंपों की मरम्मत कर उन्हें दोबारा चालू करने में सहूलियत होगी.
छह समूहों में लगेंगे 180 नये हैंडपंप
पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल संख्या-दो ने छह समूहों में कुल 180 नये ट्यूबवेल के निर्माण और हैंडपंप लगाने के लिए निविदा निकाली है. इन ट्यूबवेल की गहराई 70, 90 और 120 मीटर होगी. योजना की अनुमानित लागत करीब 2.28 करोड़ रुपये है.
ये भी पढ़ें: गवाही से रोकने के विवाद में तलवार से वार और छेड़खानी के आरोप, धनबाद पुलिस ने क्यों दर्ज की दो प्राथमिकी
इसके तहत 125/115 एमएम व्यास के ट्यूबवेल में इंडिया मार्क-टू हैंडपंप लगाये जायेंगे. योजना में जीआइ राइजर पाइप और यूपीवीसी केसिंग पाइप लगाने के साथ प्लेटफॉर्म तथा नाली का निर्माण भी शामिल है. नये डीप बोरिंग हैंडपंप बनने से उन ग्रामीण इलाकों में पेयजल के अतिरिक्त स्रोत उपलब्ध हो सकेंगे, जहां गर्मी में जलस्तर नीचे जाने के कारण चापाकल सूख जाते हैं.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए