SNMMCH में स्टेट कोटा की 67 सीटों पर दाखिला पूरा, प्रमाण-पत्र मान्य नहीं होने पर एक आवेदन रद्द
एसएनएमएमसीएच की फाइल फोटो
एसएनएमएमसीएच में एमबीबीएस नामांकन के दौरान सीओ कार्यालय के प्रमाण-पत्र को अमान्य कर दिया गया. अब एसडीओ स्तर के दस्तावेज ही मान्य होंगे.
एसएनएमएमसीएच में एमबीबीएस स्टेट कोटा के तहत नामांकन के दौरान एक छात्र का आवेदन रद्द कर दिया गया. छात्र ने बुधवार को जाति और आवासीय प्रमाण-पत्र अंचल कार्यालय से निर्गत होने का दस्तावेज प्रस्तुत किया था. दस्तावेजों की जांच के बाद कॉलेज प्रबंधन ने प्रमाण-पत्र को मान्य नहीं माना और नामांकन आवेदन निरस्त कर दिया.
आपके शहर में
रांची के नगड़ी का रहने वाला है छात्र
छात्र रांची के नगड़ी का रहने वाला है. एडमिशन सेल प्रभारी डॉ. गणेश कुमार ने बताया कि छात्र ने स्थानीय अंचल कार्यालय यानी सीओ कार्यालय से जारी जाति और आवासीय प्रमाण-पत्र प्रस्तुत किया था. जांच के बाद उसे स्वीकार नहीं किया गया.
छात्र को जेसीइसीइबी की वेबसाइट के माध्यम से एसडीओ कार्यालय से निर्गत प्रमाण-पत्र अपडेट करने और दूसरे राउंड की नामांकन प्रक्रिया में आवेदन करने का निर्देश दिया गया है.
एसडीओ कार्यालय का प्रमाण-पत्र ही मान्य
डॉ गणेश कुमार ने बताया कि इस वर्ष एमबीबीएस नामांकन में प्रमाण-पत्रों की जांच को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है. एसडीओ कार्यालय से निर्गत जाति और आवासीय प्रमाण-पत्र को ही मान्य माना जा रहा है. नामांकन के दौरान अभ्यर्थियों द्वारा प्रस्तुत सभी दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है. प्रमाण-पत्र जारी करने वाले प्राधिकार, हस्ताक्षर और अन्य जरूरी विवरणों का भी मिलान किया जा रहा है.
पिछले साल तीन प्रमाण-पत्र मिले थे फर्जी
एसएनएमएमसीएच में इस वर्ष दस्तावेजों की जांच कड़ी करने की वजह पिछले साल सामने आया फर्जीवाड़ा भी है. पिछले वर्ष एमबीबीएस नामांकन के दौरान दस्तावेज सत्यापन में तीन छात्रों के प्रमाण-पत्र फर्जी मिले थे.
विभिन्न जिलों के सीओ कार्यालय से जारी प्रमाण-पत्रों की जांच में गड़बड़ी सामने आने के बाद जेसीइसीइबी ने मामले को गंभीरता से लिया था. इसके बाद एसडीओ कार्यालय से जारी प्रमाण-पत्र को ही मान्य करने पर जोर दिया जा रहा है.
स्टेट कोटा की 83 में 67 सीटों पर दाखिला पूरा
एसएनएमएमसीएच में नये सत्र के लिए बुधवार को स्टेट कोटा से 13 छात्रों ने एमबीबीएस में नामांकन लिया. इससे पहले सोमवार को 19, शनिवार को छह और मंगलवार को 29 छात्रों ने दाखिला लिया था. इस तरह अब तक कुल 67 छात्रों का नामांकन हो चुका है.
स्टेट कोटा में कुल 83 सीटें निर्धारित हैं. इनमें 67 सीटों पर नामांकन पूरा हो गया है, जबकि 16 सीटें अभी रिक्त हैं. पहले राउंड के तहत नामांकन की प्रक्रिया पांच सितंबर तक चलेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए