धनबाद में 8 मिनट 12 सेकेंड में पहुंची पुलिस, डायल 112 के रिस्पॉन्स टाइम में राज्य से बेहतर प्रदर्शन
धनबाद पुलिस की डायल 112 सेवा ने अगस्त में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए शत-प्रतिशत शिकायतों का निबटारा किया. पुलिस मात्र 8 मिनट में घटनास्थल पर पहुंची.
आपात स्थिति में लोगों को तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराने वाली डायल 112 सेवा में धनबाद पुलिस ने अगस्त में बेहतर प्रदर्शन किया. इस दौरान प्राप्त 1939 शिकायतों का शत-प्रतिशत निबटारा किया गया. पुलिस की टीम औसतन 8 मिनट 12 सेकेंड में घटनास्थल पर पहुंची. धनबाद का यह रिस्पॉन्स टाइम राज्य के औसत से बेहतर रहा.
आपके शहर में
डायल 112 से ली जा सकती है तत्काल सहायता
एसएसपी प्रभात कुमार के नेतृत्व में डायल 112 सेवा को अधिक प्रभावी और त्वरित बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है. एसएसपी के अनुसार, सड़क दुर्घटना, घरेलू विवाद, आपराधिक घटनाओं, महिलाओं से जुड़ी शिकायतों, स्वास्थ्य संबंधी मामलों समेत अन्य आपात परिस्थितियों में डायल 112 के माध्यम से तत्काल पुलिस सहायता ली जा सकती है.
ये भी पढ़ें: मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, मुख्यमंत्री और जयराम महतो से बात कराने की मांग; विधायक से बातचीत के बाद उतरा
रिस्पांस टाइम की हो रही सतत निगरानी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सेवा का उद्देश्य आपात स्थिति में सूचना मिलने के बाद कम से कम समय में पुलिस को मौके पर पहुंचाना है. इसके लिए रिस्पॉन्स टाइम की लगातार निगरानी की जा रही है.
सेवा को और अधिक प्रभावी बनाने पर हो रहा काम
डीएसपी सीसीआर प्रदीप कुमार साव ने बताया कि डायल 112 का रिस्पॉन्स टाइम और कम करने की दिशा में लगातार प्रयास किये जा रहे हैं. इसके साथ ही सेवा को और अधिक प्रभावी और आम लोगों के लिए सुविधाजनक बनाने पर भी काम हो रहा है. अगस्त के आंकड़ों को पुलिस की त्वरित कार्रवाई और बेहतर समन्वय का संकेत माना जा रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए