धनबाद :डीएसपी के सुपरविजन में 45 नामजद पर लगे आरोप ट्रू

Updated at : 03 Oct 2019 8:39 AM (IST)
विज्ञापन
धनबाद :डीएसपी के सुपरविजन में 45 नामजद पर लगे आरोप ट्रू

अगलगी, सड़क जाम व पथराव मामले में गिरफ्तारी के लिए छापे धनबाद : फरवरी 2019 में बीसीसीएल के पूर्वी झरिया क्षेत्र (भौंरा) स्थित आउटसोर्सिंग कंपनी एटी देवप्रभा के प्रोजेक्ट भौंरा थ्री पिट व भौंरा चार नंबर फोर ए पैच में वाहनों-मशीनों और कैंप में आग लगाने, सड़क जाम-पथराव आदि मामले को लेकर दर्ज कांड संख्या […]

विज्ञापन
अगलगी, सड़क जाम व पथराव मामले में गिरफ्तारी के लिए छापे
धनबाद : फरवरी 2019 में बीसीसीएल के पूर्वी झरिया क्षेत्र (भौंरा) स्थित आउटसोर्सिंग कंपनी एटी देवप्रभा के प्रोजेक्ट भौंरा थ्री पिट व भौंरा चार नंबर फोर ए पैच में वाहनों-मशीनों और कैंप में आग लगाने, सड़क जाम-पथराव आदि मामले को लेकर दर्ज कांड संख्या 50/19 में नामजद 45 अभियुक्तों को
सिंदरी डीएसपी प्रमोद केशरी के सुपरविजन में कोई राहत नहीं मिली है. डीएसपी ने आरोपों को सही करार दिया है. इसके बाद आरोपियों की तलाश में छापामारी की जा रही है. हालांकि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पायी है. इसके पहले कई आरोपितों ने एसएसपी किशोर कौशल को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगायी थी. उनका कहना था कि वे लोग निर्दोष हैं. एसएसपी ने इन सभी के आवेदन सिंदरी डीएसपी को भेज दिये थे. इन लोगों के पक्ष में धनबाद के सांसद पीएन सिंह ने भी एसएसपी को पत्र लिखा था.
क्या था मामला : फरवरी, 2019 को एटी देवप्रभा की ओर से भौंरा चार नंबर फोर ए पैच में कोयला खनन का काम शुरू किया गया. फायर जोन होने के कारण कोयला खनन के लिए ओबी हटाने के दौरान बड़े पैमाने पर जले कोयले के राख व धूलकण उड़ने लगे. इससे भौंरा छह नंबर, चार नंबर, 16 नंबर, नीचे बाजार, मारवाड़ी पट्टी, ऊपर बाजार, न्यू क्वार्टर, टैक्सी स्टैंड, परसियाबाद आदि मुहल्लों की हजारों की आबादी के सामने गंभीर रूप से वायु प्रदूषण की समस्या उत्पन्न हो गयी. घटना के दिन 29 अप्रैल, 2019 को स्थानीय 50-60 लड़के सुबह 6-7 बजे के बीच भौंरा चार नंबर फोर ए पैच पहुंचे और वहां काम कर रहे लोगों से पानी छिड़काव के बाद ब्लास्टिंग व खनन कार्य करने को कहा.
15-20 मिनट में वहां दो-तीन गाड़ी लोग पहुंचे. इनलोगों को देखकर 50-60 लड़के नारेबाजी करने लगे. बकझक से बात पत्थरबाजी व फायरिंग तक चली गयी. फायरिंग शुरू होने के बाद विरोध कर रहे लड़के भागने लगे. सभी लड़के निहत्थे थे. इसी दौरान संजीत कुमार शर्मा नामक युवक को गोली लग गयी. सभी लड़के संजीत को लेकर हॉस्पिटल की ओर भागे.
थोड़ी ही देर में यह अफवाह फैली कि संजीत की मौत हो गयी है. साथ ही दो अन्य लोगों को भी गोली लगने की अफवाह फैली. थोड़ी देर में भौंरा के कई मुहल्ले के लोग जुट गये और सड़क जाम कर दी. विरोध करनेवाले लड़के संजीत को लेकर धनबाद जा चुके थे और भौंरा के अन्य लोग सड़क जाम किये हुए थे. इसी दौरान एटी देवप्रभा के आउटसोर्सिंग प्रोजेक्टों भौंरा थ्री पीट और भौंरा चार नंबर फोर ए पैच में खड़े कई भारी वाहनों, मशीनों और एटी देवप्रभा के आउटसोर्सिंग कैंप में आग लगा दी गयी. आग किन लोगों ने लगायी, यह जांच का विषय है.
एसएसपी को आवेदन देकर बताया था निर्दोष : प्राथमिकी में शरीर से विकलांग विनोद रवानी का भी नाम है. विनोद के अलावा भौंरा के रहने वाले मनीष सिंह, योगेंद्र महतो, सोनू सिंह, उमेश कुमार, घोलटू महतो, रिंकू अंसारी, राजा कुमार यादव, राजू यादव ने एसएसपी को पत्र दिया था कि घटना में वे लोग शामिल नहीं थे. सुपरविजन में मामला सही पाये जाने के बाद इन लोगों का कहना है कि पुलिस ने बिना जांच के ही मामले को ट्रू कर दिया है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola