महादेव एप ने लगाया नौ लाख का चूना! मुनाफे की उम्मीद में निवेश, मैच्योरिटी पर खुला ठगी का राज
AI-generated काल्पनिक तस्वीर
महादेव ऐप के जरिए अधिक मुनाफा कमाने के लालच में एक युवक ने करीब 9 लाख रुपये निवेश कर दिए. शुरुआती मुनाफा मिलने के बाद भरोसा बढ़ा, लेकिन मैच्योरिटी पर रकम न मिलने पर उसे साइबर ठगी का अहसास हुआ. पीड़ित ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है.
देवघर : देवघर नगर थाना क्षेत्र के करनीबाग निवासी एक युवक को अधिक मुनाफे का लालच देकर महादेव एप के माध्यम से करीब नौ लाख रुपये का निवेश करा लिया गया. निवेश की मैच्योरिटी राशि निकालने का प्रयास करने पर रकम की निकासी नहीं हो सकी. इसके बाद युवक को अपने साथ साइबर ठगी होने का पता चला. मामले को लेकर पीड़ित ने साइबर थाना में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है.
छोटी रकम पर मुनाफा देकर बढ़ाया भरोसा
पीड़ित के अनुसार, वह अच्छे मुनाफे की उम्मीद में 22 जुलाई से 14 सितंबर के बीच महादेव एप के माध्यम से अलग-अलग समय में राशि निवेश करता रहा. शुरुआत में एप के माध्यम से छोटी राशि पर मुनाफा दिया गया. इससे युवक का भरोसा एप और उसमें निवेश की प्रक्रिया पर बढ़ता गया.
धीरे-धीरे नौ लाख रुपये किए निवेश
शुरुआती स्तर पर मुनाफा मिलने के बाद युवक को अधिक रकम निवेश करने के लिए प्रेरित किया गया. इसी भरोसे और अधिक मुनाफे के प्रलोभन में आकर उसने धीरे-धीरे बड़ी रकम निवेश करनी शुरू कर दी. देखते ही देखते युवक ने उक्त एप में करीब नौ लाख रुपये निवेश कर दिये.
मैच्योरिटी पर नहीं निकली रकम
युवक को उम्मीद थी कि निर्धारित समय पूरा होने के बाद निवेश की राशि के साथ मुनाफे की रकम भी प्राप्त हो जायेगी. मैच्योरिटी पूरी होने के बाद जब उसने राशि निकालने का प्रयास किया तो निकासी नहीं हो सकी. काफी प्रयास के बाद भी मैच्योरिटी की रकम नहीं मिली.
साइबर थाना पहुंचकर की शिकायत
राशि की निकासी नहीं होने पर युवक को संदेह हुआ. इसके बाद उसे पता चला कि अच्छे मुनाफे का लालच देकर उसके साथ साइबर ठगी की गयी है. पीड़ित युवक ने साइबर थाना पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी और शिकायत दर्ज करायी.
जांच में जुटी पुलिस
पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच कर निवेश की गयी राशि वापस कराने तथा ठगी में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है. पुलिस निवेश से जुड़े लेन-देन और घटना के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए