कपड़ा दुकान की आड़ में नशे का कारोबार, पालोजोरी में 59 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ 3 गिरफ्तार
सांकेतिक तस्वीर.
पालोजोरी पुलिस को नशामुक्त अभियान में बड़ी सफलता मिली है. एक कपड़ा दुकान में छापेमारी कर 59 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है. इस कार्रवाई से इलाके के नशे के कारोबारियों में हड़कंप मच गया है.
प्रतिनिधि, पालोजोरी : देवघर पुलिस की ओर से जिले में चलाये जा रहे नशामुक्त अभियान के तहत पालोजोरी थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर थाना क्षेत्र के असना मोड़ स्थित एक कपड़ा दुकान में छापेमारी कर 59 पुड़िया करीब 7 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर बरामद की है. मौके से पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
आपके शहर में
गुप्त सूचना पर रात में हुई छापेमारी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पालोजोरी थाना प्रभारी को क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री किये जाने की सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रविवार की रात असना मोड़ स्थित संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की.
इस दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर तीन संदिग्धों को पकड़ लिया. कानूनी प्रक्रिया के तहत तलाशी लेने पर उनके पास से कुल 59 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई. पुलिस ने मौके पर ही मादक पदार्थ जब्त कर तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया.
एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पालोजोरी थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर ब्राउन शुगर के स्रोत और इसकी खरीद-बिक्री से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है.
पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मादक पदार्थ की आपूर्ति कहां से की जा रही थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं. अधिकारियों के अनुसार मामले में बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है.
जेल भेजने की तैयारी
थाना पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है. कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जायेगा.
कार्रवाई से नशे के कारोबारियों में हड़कंप
पालोजोरी पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध स्मैक और ब्राउन शुगर के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है. स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है. वहीं, पालोजोरी जैसे ग्रामीण क्षेत्र में ब्राउन शुगर की पहुंच को लोगों ने चिंता का विषय बताया है. ग्रामीणों ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान को और तेज करने की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए