राष्ट्रीय खेल दिवस पर ‘साइकिल ऑन संडे’, देवघर में युवाओं और खिलाड़ियों ने दिया स्वस्थ जीवन का संदेश
साइकिल यात्रा में शामिल खिलाड़ी, युवा, चिकित्सक एवं अन्य प्रतिभागी। Prabhat Khabar Network
राष्ट्रीय खेल दिवस पर देवघर में 'साइकिल ऑन संडे' का आयोजन. युवाओं, खिलाड़ियों व चिकित्सकों ने स्वस्थ समाज और पर्यावरण का दिया संदेश.
देवघर : राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर क्रीड़ा भारती, देवघर की ओर से रविवार को ‘साइकिल ऑन संडे’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया. मैत्रेय किड्स स्कूल से शुरू हुई साइकिल यात्रा में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों, युवाओं और साइकिल प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया. प्रतिभागियों में शहर के काफी संख्या में चिकित्सक भी शामिल रहे. सभी ने साइकिल चलाकर स्वस्थ शरीर, स्वस्थ समाज और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया.
आपके शहर में
अतिथियों ने किया सामूहिक उद्घाटन
कार्यक्रम का सामूहिक उद्घाटन देवघर जिला के अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजय प्रसाद, क्रीड़ा भारती के झारखंड प्रांत सह मंत्री संजीत राय, जिला अध्यक्ष डॉ. कुमार गौरव, जिला सह मंत्री कुमार गौरव, जिला संरक्षक सोमेश दत्त मिश्रा और सामाजिक कार्यकर्ता मयंक राय ने किया. अतिथियों ने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं और नियमित साइकिलिंग को स्वस्थ व अनुशासित जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया.
इन मार्गों से होकर गुजरी साइकिल यात्रा
साइकिल यात्रा मैत्रेय किड्स स्कूल से निकलकर बरमसिया चौक, हदहदिया पुल, जलसार चिल्ड्रेंस पार्क, पटेल चौक, टावर चौक एवं वीर कुंवर सिंह चौक होते हुए पुनः बरमसिया चौक के रास्ते मैत्रेय किड्स स्कूल पहुंची. पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया.
शारीरिक गतिविधियों की कमी पर जताई चिंता
वक्ताओं ने कहा कि बदलती जीवनशैली में शारीरिक गतिविधियों की कमी चिंता का विषय है. साइकिलिंग को दिनचर्या में शामिल करने से शरीर सक्रिय रहता है और पर्यावरण पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है. साइकिलिंग प्रदूषण नियंत्रण का सरल माध्यम भी है.
खेल और साइकिलिंग को दिनचर्या में शामिल करने की अपील
क्रीड़ा भारती ने शहरवासियों से साइकिलिंग और खेल गतिविधियों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की. संस्था ने व्यक्तिगत स्वास्थ्य के साथ स्वच्छ पर्यावरण और स्वस्थ समाज के निर्माण में भी अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए