बाबा बैद्यनाथ मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, जलार्पण के लिए लगी लंबी कतार
बाबा मंदिर प्रांगण में भक्तों की भीड़ | Prabhat Khabar Network
तेज धूप और उमस में भी बाबा बैद्यनाथ के दर्शन को श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर. जलार्पण के लिए लंबी कतारें, सुरक्षा व्यवस्था मुस्तैद.
संवाददाता, देवघर: बाबा बैद्यनाथ के दर्शन-पूजन के लिए शनिवार को देवघर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. सरकारी पूजा संपन्न होने के बाद सुबह से ही बाबा मंदिर में जलार्पण के लिए भक्तों की लंबी कतारें लग गयीं. दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालु अपनी बारी का इंतजार करते हुए कतारबद्ध होकर बाबा के दर्शन के लिए आगे बढ़ते रहे.
बाबा बैद्यनाथ के प्रति आस्था का असर यह रहा कि तेज धूप और उमस भरी गर्मी के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी. मंदिर परिसर से लेकर कतार वाले मार्ग तक दिनभर भक्तों की आवाजाही बनी रही.
शीघ्र दर्शनम के लिए भी लगी अलग कतार
सामान्य कतार के साथ शीघ्र दर्शनम कूपन के माध्यम से पूजा-अर्चना करने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी अलग कतार की व्यवस्था रही. श्रद्धालु निर्धारित व्यवस्था के तहत मंदिर में प्रवेश कर बाबा बैद्यनाथ का दर्शन और जलार्पण करते रहे.
मंदिर में प्रवेश के लिए भक्तों को फुट ओवरब्रिज के रास्ते गर्भगृह की ओर भेजा जा रहा था. इससे भीड़ को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाने में मदद मिली.
दोपहर में गर्मी के कारण कुछ कम हुई भीड़
सुबह के समय मंदिर में श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी भीड़ रही. दोपहर में तेज धूप और उमस का असर भीड़ पर दिखा और मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या कुछ कम रही.
हालांकि दोपहर बाद मौसम की स्थिति के बावजूद एक बार फिर बाबा के जलार्पण के लिए भक्तों की कतारें लंबी होने लगीं. बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए.
सुरक्षा को लेकर जगह-जगह पुलिस बल तैनात
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर से लेकर कतार वाले मार्ग तक जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गयी थी.
पुलिसकर्मी लगातार भीड़ को नियंत्रित करते रहे और श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाते रहे. भीड़ के बीच किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर रखी गयी.
गर्मी पर भारी पड़ी बाबा की भक्ति
तेज धूप और उमस भरी गर्मी के बावजूद बाबा बैद्यनाथ के दर्शन को लेकर भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिला. श्रद्धालु गर्मी की परवाह किए बिना कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे.
बाबा के दर्शन और जलार्पण के बाद श्रद्धालुओं में आस्था और संतोष का भाव नजर आया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए