देवघर किशोर मौत मामला: मोबाइल और साइकिल गायब, फॉरेंसिक टीम री-क्रिएट करेगी क्राइम सीन, क्या खुलेगा राज?
देवघर में दो किशोरों की संदिग्ध मौत मामले की जांच में अब फॉरेंसिक एक्सपर्ट की मदद ली जाएगी. पुलिस को अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है, ऐसे में रांची से आई टीम घटनास्थल पर जांच करेगी.
देवघर : कुंडा थाना क्षेत्र के कुमरडीह गांव निवासी दो किशोरों की मौत के मामले की जांच अब फॉरेंसिक एक्सपर्ट की मदद से आगे बढ़ेगी. पानी से भरे गड्ढे से 28 जुलाई को दोनों किशोरों के शव बरामद होने के बाद पुलिस अब तक किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है. मामले की जांच के लिए रांची से फॉरेंसिक एक्सपर्ट शुक्रवार को देवघर पहुंचेंगे. टीम पुलिस अधिकारियों, मृतकों के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर सकती है. इसके अलावा घटनास्थल पर क्राइम सीन री-क्रिएट कर पूरे मामले की जांच-पड़ताल की जायेगी. मामले में पुलिस तीन संदिग्धों से लगातार पूछताछ कर रही है. हालांकि, पूछताछ के बावजूद अब तक पुलिस किसी नतीजे तक नहीं पहुंच सकी है. पुलिस को दोनों किशोरों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी मिल गयी है. रिपोर्ट के आधार पर पुलिस जरूरी साक्ष्य जुटाने में लगी है. वहीं, पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों की पहचान और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है. मृतक कृष्णमुरारी के पिता राजीव कुमार गुप्ता ने कुंडा थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है. प्राथमिकी में उन्होंने अज्ञात लोगों पर अपने बेटे की हत्या करने के बाद शव को पानी से भरे गड्ढे में फेंकने और साक्ष्य छिपाने का आरोप लगाया है.
तपोवन मार्केट जाने की बात कहकर निकले थे दोनों किशोर
प्राथमिकी के अनुसार, 28 जुलाई की शाम करीब 4:15 बजे कृष्णमुरारी (14) अपने साथी अरविंद कुमार दास (16) के साथ तपोवन मार्केट जाने की बात कहकर घर से निकला था. शाम छह बजे तक दोनों के घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की. काफी खोजबीन के बाद भी दोनों का कोई सुराग नहीं मिला. इसी बीच पड़ोसी गांव चिहरधनियां के कुछ युवकों ने श्मशान घाट जाने वाले रास्ते में ईंट-भट्ठे के समीप पानी से भरे गड्ढे के पास दो जोड़ी चप्पल और एक साइकिल पड़े होने की सूचना दी. सूचना मिलने पर परिजन घटनास्थल पहुंचे और चप्पलों की पहचान दोनों किशोरों की होने की बात कही. इसके बाद गड्ढे में खोजबीन की गयी, जहां से दोनों किशोरों के शव बरामद हुए.
घटनास्थल से कृष्णमुरारी का मोबाइल और अरविंद की साइकिल गायब
घटनास्थल से कृष्णमुरारी का मोबाइल फोन और अरविंद की साइकिल नहीं मिली. इन्हीं परिस्थितियों के आधार पर परिजनों ने अज्ञात लोगों पर दोनों किशोरों की हत्या कर शव गड्ढे में फेंकने और साक्ष्य छिपाने की आशंका जतायी है. अब फॉरेंसिक एक्सपर्ट के घटनास्थल पर पहुंचने के बाद जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है, इस पर पुलिस की कार्रवाई टिकी है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए