Watch Video.. देवघर में डकैती की साजिश नाकाम, गिरोह के 4 अपराधी व चोरी के जेवर खरीदने वाले 2 कारोबारी गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन
WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

देवघर में पुलिस ने डकैती की योजना बना रहे अंतरराज्यीय गिरोह के 4 अपराधियों को हथियार, नकदी और चोरी के जेवर के साथ गिरफ्तार किया है. चोरी के जेवर खरीदने वाले 2 सराफा व्यापारी भी पकड़े गए.

विज्ञापन

वरीय संवाददाता, देवघर. देवघर में डकैती की बड़ी वारदात को अंजाम देने से पहले ही पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया. बेलाबगान में वन विभाग के आवास की बाउंड्रीवाल के पीछे रेलवे लाइन से सटे सुनसान स्थान पर पुलिस ने छापेमारी कर अपराधियों को दबोचा. गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के जेवर खरीदने वाले दो आभूषण व्यवसायियों को भी गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने अपराधियों के पास से एक रिवॉल्वर, पांच जिंदा गोली, लोहे की भुजाली, सब्बल, चाकू, प्लास, सलाई रिंच, पेचकश, डेढ़ लाख रुपये नकद और पांच मोबाइल बरामद किये हैं. वहीं, आभूषण व्यवसायियों के पास से डेढ़ किलो चांदी के जेवर मिले हैं.

विज्ञापन
प्रेस वार्ता करते एसपी प्रवीण पुष्कर व अन्य | Prabhat Khabar Network
प्रेस वार्ता करते एसपी प्रवीण पुष्कर व अन्य | Prabhat Khabar Network

रेकी कर घर में डकैती की बना रहे थे योजना

सोमवार को प्रेस वार्ता में एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि हाल के दिनों में नगर क्षेत्र, रिखिया और कुंडा थाना क्षेत्रों में हुई चोरी व लूट की घटनाओं के उद्भेदन के लिए एसआइटी का गठन किया गया था. इसी दौरान 23 नवंबर की रात नगर थाना गश्ती दल को सूचना मिली कि बेलाबगान स्थित वन विभाग के आवास की बाउंड्रीवाल के पीछे रेलवे लाइन के समीप पांच-छह असामाजिक तत्व किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं.

सूचना मिलते ही एसडीपीओ कुलदीप कुमार के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गयी. टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया. हालांकि, उनका एक साथी अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा. पूछताछ में गिरफ्तार अपराधियों ने बताया कि वे पहले से रेकी किये गये बेलाबगान के एक घर में डकैती की योजना बना रहे थे.

चार अपराधी गिरफ्तार, दो आभूषण व्यवसायी भी पकड़े गये

गिरफ्तार अपराधियों की पहचान बिहार के जमुई जिले के झाझा थाना क्षेत्र के बेलाटांड़ गांव निवासी प्रेम यादव उर्फ फुहीया, सोजाना मोड़ निवासी लालू यादव, चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र के अखाने गांव निवासी नरेश पासवान उर्फ नारू पासवान तथा देवघर नगर थाना क्षेत्र के बेलाबगान पुलिस लाइन के समीप रहने वाले दुकानदार नागेंद्र सिंह के रूप में हुई है.

वहीं, चोरी के जेवर खरीदने के आरोप में बिहार के जमुई जिले के सिमुलतल्ला थाना क्षेत्र के लाहावान बक्सा गांव निवासी नरेश प्रसाद पोद्दार और बिजय पोद्दार को गिरफ्तार किया गया है. इस संबंध में नगर थाना कांड संख्या 456/2026 के तहत विभिन्न धाराओं व आर्म्स एक्ट में प्राथमिकी दर्ज की गयी है.

प्रेस वार्ता में जानकारी देते एसपी प्रवीण पुष्कर | Prabhat Khabar Network
प्रेस वार्ता में जानकारी देते एसपी प्रवीण पुष्कर | Prabhat Khabar Network

साढ़े चार माह में हुई पांच घटनाओं का खुलासा

एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में पांच आपराधिक घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. इनमें छठ के दौरान बेलाबगान निवासी सुमन के घर पर चोरी, जिसमें नगर थाना कांड संख्या 450/2026 दर्ज है.

नौ अक्तूबर को झामुमो नेता औंकारनाथ वर्णवाल के घर लूट के मामले में नगर थाना कांड संख्या 403/2026 दर्ज है. पांच जुलाई को बरमसिया के कुमुदनी घोष रोड निवासी विनय कुमार के घर चोरी में भी आरोपियों ने संलिप्तता स्वीकार की है. मामले में नगर थाना कांड संख्या 261/2026 दर्ज है.

वहीं, चार नवंबर को रामपुर में हुई चोरी रिखिया थाना कांड संख्या 137/2026 और 26 सितंबर को बाबा कॉलोनी बैजनाथपुर स्थित बंद घर में चोरी मामले में कुंडा थाना कांड संख्या 119/2026 का भी खुलासा हुआ है.

हत्या और डकैती का आरोपित है गिरोह का सरगना

एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों में प्रेम यादव उर्फ फुहीया गिरोह का सरगना है. वह बिहार के जमुई जिले के झाझा थाना क्षेत्र के बेलाटांड़ गांव का रहने वाला है. उसका आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ झाझा थाना में हत्या का मामला कांड संख्या 335/2019, डकैती का मामला कांड संख्या 02/2013 तथा विस्फोटक अधिनियम और जानलेवा हमला से संबंधित मामला कांड संख्या 277/2018 दर्ज है. इन मामलों में वह जेल भी जा चुका है.

किराये के कमरे में रहकर करते थे रेकी

एसपी ने बताया कि बेलाबगान से गिरफ्तार नागेंद्र सिंह किराये पर कमरा लगाता था. उसने अपना कमरा प्रेम यादव को किराये पर दिया था. प्रेम इसी कमरे में रहकर नागेंद्र के साथ मिलकर आसपास के इलाकों की रेकी करता था. नागेंद्र को पूरे इलाके की जानकारी थी, जिसका फायदा गिरोह को होता था.

एसपी ने यह भी बताया कि बेलाबगान निवासी सुमन के घर हुई चोरी के दौरान सीसीटीवी कैमरे में आरोपी जिस तरह के कपड़े पहने दिखे थे, गिरफ्तारी के समय भी वे उसी कपड़े में मिले. पुलिस ने इसे मामले के उद्भेदन से जुड़ा अहम तथ्य बताया.

छापेमारी दल में शामिल थे कई थाना के पुलिसकर्मी

छापेमारी दल में नगर थाना के एसआइ मुकेश कुमार, सूरज कुमार, सुमंत प्रसाद, घनश्याम गंझू, यासिन अंसारी, मुकेश तिवारी, एएसआइ राजू रजवार, सीसीआर के एसआइ कौशल कुमार सिंह, कुंडा थाना प्रभारी प्रशांत कुमार, रिखिया थाना प्रभारी प्रभात कुमार, मोहनपुर थाना प्रभारी संदीप कृष्णा, तकनीकी शाखा के पुलिसकर्मी और नगर थाना के रिजर्व गार्ड शामिल थे..

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola