बामनगामा इंटर विद्यालय में ‘एक पेड़ मां के नाम अभियान 3.0’ का शुभारंभ,पौधों की देखभाल के लिए किया प्रेरित
पौधारोपण करते प्राभारी प्राचार्य व शिक्षक, छात्र| Prabhat Khabar Network
पर्यावरण संरक्षण व मातृशक्ति सम्मान के लिए 'एक पेड़ मां के नाम अभियान 3.0' का शुभारंभ.जानिए कैसे लें संकल्प और बनाएं हरित भविष्य.
सारठ : पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण के विस्तार और मातृशक्ति के प्रति सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘एक पेड़ मां के नाम अभियान 3.0’ का शुभारंभ बुधवार को राय बहादुर जगदीश प्रसाद सिंह इंटर विद्यालय, बामनगामा के परिसर में किया गया. अभियान का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य अंग्रेज कुमार मंडल, शिक्षक अमरेन्द्र कुमार सिंह और देवाशीष माजी ने पौधारोपण कर किया.
आपके शहर में
पौधारोपण को बताया प्रकृति और मातृत्व के प्रति कृतज्ञता
कार्यक्रम के दौरान शिक्षक अमरेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ केवल पौधारोपण का अभियान नहीं, बल्कि प्रकृति और मातृत्व के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का भावनात्मक एवं सामाजिक संकल्प है. जिस प्रकार मां अपने बच्चों का पालन-पोषण कर उन्हें जीवन देती हैं, उसी प्रकार वृक्ष भी मानव जीवन के लिए प्राणवायु, फल, छाया, जल संरक्षण और पर्यावरणीय संतुलन प्रदान करते हैं.
उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाकर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित करने का संकल्प लेना चाहिए. पर्यावरण प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन, बढ़ते तापमान, घटते भूजल स्तर और अनियमित वर्षा जैसी चुनौतियां गंभीर चिंता का विषय हैं. ऐसे में अधिक से अधिक पौधे लगाना और उनकी नियमित देखभाल करना सभी की जिम्मेदारी है.
विद्यार्थियों को पौधों की देखभाल के लिए किया प्रेरित
शिक्षक देवाशीष माजी ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व की जानकारी दी. उन्होंने विद्यार्थियों से अपने घर, विद्यालय और आसपास के क्षेत्रों में पौधारोपण करने तथा परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी अभियान से जोड़ने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि लगाए गए पौधों को परिवार के सदस्य की तरह संरक्षित किया जाना चाहिए.
आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित भविष्य का संकल्प
विद्यालय के प्राचार्य अंग्रेज कुमार मंडल ने कहा कि एक पौधा केवल आज की हरियाली नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवन और स्वच्छ पर्यावरण की विरासत है. विद्यालय जैसे शैक्षणिक संस्थान इस अभियान को जनआंदोलन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं. विद्यार्थियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश परिवार और समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया जा सकता है.
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने अधिकाधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया. विद्यालय परिवार ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए अभियान को निरंतर आगे बढ़ाने का निर्णय लिया.
एक पेड़ मां के नाम’ का दिया संदेश
कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को मां के सम्मान में पौधा लगाने, प्रकृति को जीवन देने और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरा-भरा भविष्य तैयार करने का संदेश दिया गया.
शिक्षक और शिक्षकेत्तर कर्मचारी रहे मौजूद
इस मौके पर शिक्षक आनंद कुमार प्रियदर्शी, अजय कुमार झा, महेश कुमार, अजीत कुमार दास, मिथुन कुमार मंडल, सत्य प्रकाश कात्यान, प्रदीप कुमार, अमरेन्द्र कुमार सिंह, अमित कुमार भगत, शंभू कुमार रवानी, नीतू, विजय कुमार सिंह सहित विद्यालय के सभी शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए