बंदूक की गोलियों से डिजिटल क्रिएटर्स तक... चतरा की बदलती तस्वीर, 70 युवाओं को मिला सम्मान
समानित करते मुख्य अतिथि व अन्य, सम्मान के साथ इंफ्लूएंसर्स | Prabhat Khabar Network
हिंदी दिवस पर चतरा में आयोजित इन्फ्लुएंसर्स मीट-अप में 70 युवाओं को सोशल मीडिया पर बेहतर प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया. इस आयोजन ने डिजिटल क्रिएटर्स को एक मंच पर लाकर सकारात्मक कार्यों को बढ़ावा देने का लक्ष्य रखा.
चतरा. हिंदी दिवस पर डीएमएफटी हॉल में मानव सेवा भारती की ओर से इन्फ्लुएंसर्स मीट-अप एवं ‘हिंदी है हम’ के द्वितीय संस्करण का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया. इस दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले 70 युवाओं को प्रशस्ति पत्र व मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया.
वहीं, शिक्षा, स्वास्थ्य, साहित्य, कला, सामाजिक सेवा और खेल के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले छह लोगों को चतरा गौरव सम्मान दिया गया.
सोशल मीडिया से बदल रही चतरा की पहचान : सांसद
मुख्य अतिथि सांसद कालीचरण सिंह ने कहा कि कभी अफीम, उग्रवाद और बंदूक की गोलियों की घटनाओं के लिए चर्चा में रहने वाले चतरा की तस्वीर अब बदल रही है. जिले के युवा सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से चतरा की नयी पहचान बनाने में जुटे हैं.
ऐसे कार्यक्रमों से बढ़ता है युवाओं का मनोबल : विधायक
विशिष्ट अतिथि विधायक जनार्दन पासवान ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से युवाओं का मनोबल बढ़ता है. इससे उन्हें समाजहित में आगे कार्य करने की प्रेरणा मिलती है.
डिजिटल क्रिएटर्स को एक मंच पर लाना उद्देश्य
संस्था के संस्थापक बैजनाथ यदुवंशी ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य जिले के डिजिटल क्रिएटर्स, इन्फ्लुएंसर्स, व्लॉगर्स और कंटेंट लवर्स को एक मंच पर लाना है. इससे वे अपने अनुभव साझा कर भविष्य में सामाजिक सरोकार से जुड़े सकारात्मक कार्यों को आगे बढ़ा सकेंगे.
डिजिटल प्लेटफॉर्म पर हिंदी के इस्तेमाल पर चर्चा
‘हिंदी है हम’ थीम के तहत इंस्टाग्राम, यू-ट्यूब समेत अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर हिंदी भाषा के सहज, सही और रचनात्मक इस्तेमाल पर चर्चा की गयी.
कार्यक्रम का संचालन रविकांत शुभम ने किया. संस्था के सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभायी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए