चतरा में जमीन खाली कराने पहुंची प्रशासनिक टीम के सामने महिला ने पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग, पुत्र और ASI भी झुलसे

Updated:
विज्ञापन

घटना के बाद घायल महिला को अस्पताल ले जाते परिजन : प्रभात खबर

चतरा में जमीन कब्जा दिलाने पहुंची टीम के सामने महिला ने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली. महिला गंभीर रूप से झुलसी, इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया है.

विज्ञापन

चतरा से मो. तस्लीम की रिपोर्ट

आपके शहर में

विज्ञापन

चतरा शहर के केशरी चौक स्थित गौरक्षणी के सामने बुधवार को जमीन पर कब्जा दिलाने पहुंची प्रशासनिक टीम के समक्ष उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला ने पेट्रोल छिड़ककर खुद को आग लगा ली. महिला को बचाने के प्रयास में उसका पुत्र धीरज कुमार और पुलिस के एएसआई प्रवीण कुमार भी हल्का झुलस गए. घटना के बाद पुलिस ने आनन-फानन में झुलसी महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया.

महिला रीना देवी (पति स्व. नरेश प्रसाद कसेरा) का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है. वहीं, पुत्र धीरज कुमार और एएसआई प्रवीण कुमार का भी उपचार कराया जा रहा है. सदर अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. अन्ना अंजुम ने बताया कि महिला गंभीर रूप से झुलसी है. उसका इलाज किया गया. प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रांची रिम्स के बर्न वार्ड रेफर कर दिया गया. घटना की जानकारी मिलते ही सदर अस्पताल में भी लोगों की भीड़ जुट गई.

जमीन खाली कराने को लेकर परिजनों ने जताया विरोध

घटना के बाद महिला के परिजनों ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए. परिजनों का आरोप है कि उनका परिवार करीब 100 वर्षों से उक्त स्थान पर रह रहा है. इसके बावजूद बिना किसी पूर्व सूचना के अचानक घर खाली कराने के लिए टीम पहुंच गई. परिजनों ने मारवाड़ी मुहल्ला निवासी प्रदीप स्वामी पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि फर्जी तरीके से कागजात तैयार कर जमीन हड़पने का प्रयास किया जा रहा है. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.


ये भी पढ़ें: हजारीबाग के कन्हरी हिल के पास मिले JLKM नेता पनेश्वर महतो, सदर अस्पताल में जांच जारी

घटनास्थल से सदर अस्पताल तक अफरा-तफरी

महिला के खुद को आग लगाने की घटना के बाद केशरी चौक के आसपास अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया. घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे. वहीं, सदर अस्पताल में भी झुलसे लोगों को देखने के लिए लोगों की भीड़ लगी रही.

पेट्रोल लेकर पहुंचा था युवक, माचिस जलाने के बाद लगी आग : ASI

महिला को बचाने वाले एएसआई प्रवीण कुमार ने बताया कि वे सीओ और अन्य पदाधिकारियों के साथ जमीन पर दखल-दहानी कराने पहुंचे थे. इस दौरान पहले से रह रहे घर के लोगों समेत अन्य लोगों ने कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया. एएसआई के अनुसार, इसी दौरान करण कुमार नामक एक युवक डब्बे में पेट्रोल लेकर मौके पर पहुंचा और वहां मौजूद लोगों पर पेट्रोल छिड़कने लगा. बचाव के दौरान किसी व्यक्ति ने माचिस जला दी, जिसके बाद महिला आग की चपेट में आ गई और गंभीर रूप से झुलस गई. उन्होंने कहा कि तत्काल बचाव और उपचार की कार्रवाई से बड़ी घटना होने से टल गई.

महिला की हालत गंभीर, रिम्स रेफर : डीएस

सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. मनीष लाल ने बताया कि आग से झुलसी महिला की स्थिति गंभीर है. प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स के बर्न वार्ड रेफर कर दिया गया है. महिला 70 प्रतिशत से अधिक जल चुकी हैं. वहीं दो अन्य झुलसे लोगों का सदर अस्पताल में इलाज किया जा रहा है.

ये भी पढ़ें: कुंदा थाना के 24वें प्रभारी बने अमित कुमार, संभाला पदभार; शांति-सौहार्द बनाए रखना पहली प्राथमिकता

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola