संदिग्ध मौत के बाद पुलिस को बिना सूचना दिये कर दिया अंतिम संस्कार, हत्या के आरोप में तीन गिरफ्तार
झारखंड के इटखोरी में महिला की संदिग्ध मौत के बाद पति सहित 16 नामजद और 20 अज्ञात लोगों पर हत्या का मामला दर्ज, तीन आरोपी गिरफ्तार।
इटखोरी. चतरा जिले के इटखोरी थाना क्षेत्र के पकरिया गांव में चांदनी देवी उर्फ अनामिका देवी की संदिग्ध स्थिति में मौत के बाद बिना मायके वालों और पुलिस को सूचना दिए अंतिम संस्कार करने का मामला सामने आया है. मृतका के भाई निलेश कुमार साहू के आवेदन पर पुलिस ने पति, सास, ससुर, ननद समेत 16 नामजद और 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने की प्राथमिकी दर्ज की है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के ससुर महावीर साव, चाचा ससुर बच्चू साव और छोटू साव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
आपके शहर में
पेट दर्द से मौत की दी जानकारी, पहुंचने से पहले जला दिया शव
मृतका के भाई ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 28 अगस्त को उसके भाई नील कुमार साव के मोबाइल पर त्रिवेणी साव ने फोन कर बताया कि चांदनी की पेट में दर्द होने के कारण मौत हो गयी है. सूचना मिलने के बाद परिजन पकरिया पहुंचे, लेकिन तब तक चांदनी का अंतिम संस्कार किया जा चुका था. इसके बाद पुलिस को इसकी जानकारी दी गयी.
पुलिस पहुंची तो पूरी तरह जल चुका था शव
सूचना मिलने के बाद पुलिस तत्काल अंतिम संस्कार स्थल पर पहुंची. हालांकि, तब तक शव पूरी तरह जल चुका था. इससे पुलिस के सामने मामले की जांच में भी चुनौती खड़ी हो गयी. मृतका के भाई ने आशंका जताते हुए पति समेत ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है.
18 साल पहले हुई थी शादी, प्रताड़ना का लगाया आरोप
आवेदन के अनुसार चांदनी की शादी करीब 18 वर्ष पहले पकरिया गांव के त्रिवेणी साव, पिता महावीर साव के साथ हुई थी. मृतका के भाई का आरोप है कि शादी के करीब पांच वर्ष बाद त्रिवेणी का गांव की ही एक महिला के साथ अवैध संबंध हो गया था. इसे लेकर चांदनी को पति और ससुराल के अन्य लोगों द्वारा प्रताड़ित किया जाता था. भाई ने ससुर महावीर साव, सास कैलती देवी और ननद प्रतिमा देवी पर मारपीट करने का भी आरोप लगाया है.
हत्या और साक्ष्य छिपाने का मामला दर्ज
थाना प्रभारी अभिषेक सिंह ने बताया कि मृतका के भाई के आवेदन के आधार पर हत्या और षड्यंत्र के तहत साक्ष्य छिपाने का मामला दर्ज किया गया है. मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापामारी अभियान चला रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए