SSB 35वीं बटालियन का 20वां स्थापना दिवस में दिखी भारत की बहुरंगी संस्कृति, श्वान दस्ते ने दिखाए करतब
SSB 35वीं बटालियन का 20वां स्थापना दिवस में दिखी भारत की बहुरंगी संस्कृति ( AI Generated )
चतरा में एसएसबी 35वीं बटालियन ने अपना 20वां स्थापना दिवस मनाया. इस दौरान जरूरतमंद छात्रों को साइकिल और शिक्षण सामग्री वितरित की गई और सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए.
चतरा. चतरा कॉलेज के मल्टीपर्पस हॉल में बुधवार को सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 35वीं बटालियन का 20वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन बटालियन के विशेष प्रचालन (गयाजी) के डीआईजी मानवेंद्र नेगी और चतरा विधायक जनार्दन पासवान ने दीप प्रज्वलित कर किया.
वीर शहीदों के स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन
कार्यक्रम की शुरुआत में डीआईजी मानवेंद्र नेगी ने बटालियन के वीर शहीदों के स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया. इसके बाद विभिन्न राज्यों से जुड़े एसएसबी जवानों और चतरा व आसपास के स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए.
भांगड़ा, बिहू और देशभक्ति गीतों ने बांधा समां
कार्यक्रम में भांगड़ा, बिहू, बंगाली और तेलंगाना के पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत किए गए. देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति ने भी लोगों का मन मोह लिया. वहीं नशे से दूर रहने का संदेश देने के लिए स्कूली बच्चों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया. एसएसबी के प्रशिक्षित श्वान दस्ते ने भी अपने प्रशिक्षण और अनुशासन से जुड़े हैरतअंगेज करतब दिखाए. श्वान दस्ते के प्रदर्शन पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं.
जरूरतमंद बच्चों को बांटी गई सामग्री
नागरिक कल्याण कार्यक्रम 2026-27 के तहत स्थानीय विद्यालयों के जरूरतमंद छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल और पठन-पाठन सामग्री का वितरण किया गया. बच्चों को स्कूल बैग, ज्योमेट्री बॉक्स, पानी की बोतल, छाता, नोटबुक सहित अन्य सामग्री दी गई. फुटबॉल प्रतियोगिता के विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी व खेल सामग्री देकर सम्मानित किया गया. विभिन्न प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को भी पुरस्कार दिया गया.
ये भी पढ़ें: चतरा के सिमरिया में 2,964 अनमैप्ड और 15,188 विसंगति मैपिंग वाले मतदाता चिह्नित
युवतियों के लिए ब्यूटिशियन प्रशिक्षण
ग्रामीण महिलाओं और युवतियों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से 20 दिवसीय नि:शुल्क ब्यूटिशियन प्रशिक्षण कार्यक्रम का भी शुभारंभ किया गया. इसका उद्देश्य महिलाओं और युवतियों को कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार के अवसरों से जोड़ना है. डीआईजी मानवेंद्र नेगी ने कहा कि एसएसबी सुरक्षा व्यवस्था के साथ सामाजिक दायित्वों का भी निर्वहन कर रही है. नागरिक कल्याण कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षा, खेल और कौशल विकास को बढ़ावा दिया जा रहा है.
ये भी पढ़ें: चतरा जेल में कैदियों से मिले PDJ, जमानत और कानूनी परेशानियां सुनीं; मुफ्त वकील की सुविधा की दी जानकारी
जवानों की भूमिका की सराहना
चतरा विधायक जनार्दन पासवान ने एसएसबी जवानों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जवान पूरी ईमानदारी, समर्पण, अनुशासन और निष्ठा के साथ देश और समाज की सेवा कर रहे हैं. जवानों की सजगता और कर्तव्यनिष्ठा के कारण आम लोग सुरक्षित माहौल में अपना जीवन व्यतीत कर रहे हैं.
समारोह में SSB के अधिकारी और जवान के आलवे अन्य लोग भी रहे मौजूद
समारोह में 29वीं बटालियन एसएसबी गयाजी के कमांडेंट कुणाल, 35वीं बटालियन के कार्यवाहक कमांडेंट एनेंद्र मणि सिंह, चतरा कॉलेज के प्राचार्य मुकेश कुमार झा, डीएफओ राहुल मीणा, कारा अधीक्षक मेंसन बरुआ, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी, एसएसबी के अधिकारी और जवान समेत अन्य लोग मौजूद थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए