चतरा के गिद्धौर में सात लाख के अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार, मोबाइल और बाइक जब्त
Published by : KumarVishwat Sen Updated At : 09 Jun 2026 5:40 PM
गिरफ्तारी के बाद प्रेसवार्ता में जानकारी देते एडीपीओ. फोटो: प्रभात खबर
Chatra News: चतरा के गिद्धौर थाना क्षेत्र में पुलिस ने सात लाख रुपये मूल्य के 1.380 किलोग्राम अफीम के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. आरोपी के पास से मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल भी जब्त की गयी है. मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया गया. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.
चतरा से दीनबंधू और धर्मेंद्र की रिपोर्ट
Chatra News: झारखंड के चतरा जिले की गिद्धौर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को करीब सात लाख रुपये मूल्य के अफीम के साथ गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसके पास से 1.380 किलोग्राम अर्द्ध ठोस अफीम, एक मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है. गिरफ्तार आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
बेलगाछ के पास से पकड़ा गया तस्कर
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार तस्कर की पहचान चतरा सदर थाना क्षेत्र के कसियाडीह टिकर गांव निवासी उदय दांगी के रूप में हुई है. वह स्वर्गीय कुंजल महतो का पुत्र है. गिद्धौर थाना क्षेत्र के चतरा-इटखोरी मार्ग स्थित बेलगाछ के पास से उसे गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने उसके पास से प्लास्टिक में रखा 1.380 किलोग्राम अर्द्ध ठोस अफीम बरामद किया. इसके अलावा एक ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन और काले रंग की डीलक्स मोटरसाइकिल (संख्या जेएच-13एच-5234) भी जब्त की गयी है.
एसपी को मिली थी गुप्त सूचना
मंगलवार को अनुमंडल पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाउसाहेब ने मामले की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि गिद्धौर थाना क्षेत्र के चतरा-इटखोरी मार्ग स्थित बेलगाछ के पास एक व्यक्ति अवैध अफीम की खरीद-बिक्री कर रहा है. सूचना की पुष्टि के बाद तत्काल एक छापामारी दल का गठन किया गया. टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और एक युवक को अफीम के साथ गिरफ्तार कर लिया.
लावालौंग से लाकर बेचने की थी तैयारी
एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार युवक लावालौंग क्षेत्र से अफीम लाकर दूसरे स्थान पर बेचने की फिराक में था. इससे पहले कि वह अपने मंसूबे में सफल होता, पुलिस ने उसे दबोच लिया. उन्होंने बताया कि बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब सात लाख रुपये है.
एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किया गया मामला
इस संबंध में गिद्धौर थाना कांड संख्या 73/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट के विभिन्न प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है.
युवाओं को नशे से दूर रहने की दी सलाह
एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाउसाहेब ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ लगातार छापामारी अभियान चलाया जा रहा है. इसके बावजूद तस्कर अपनी गतिविधियों से बाज नहीं आ रहे हैं. उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि नशीले पदार्थों का सेवन युवाओं के भविष्य को बर्बाद कर रहा है. उन्होंने युवा पीढ़ी से ऐसे नशे के चंगुल से दूर रहने और इसके सेवन से बचने की अपील की.
इसे भी पढ़ें: बोकारो में नाबालिग के साथ दुष्कर्म, वीडियो बनाकर कर रहा था ब्लैकमेल, दो नाबालिग हिरासत में
छापामारी दल में शामिल थे ये अधिकारी
छापामारी दल में एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाउसाहेब के अलावा गिद्धौर के अंचल अधिकारी अनंत शयनम विश्वकर्मा, चतरा थाना के पुलिस अवर निरीक्षक विपिन कुमार सिंह, थाना प्रभारी पुरुषोत्तम अग्निहोत्री तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
इसे भी पढ़ें: ढुल्लू महतो मामले में आरोपियों को अदालत में हाजिर होने का आदेश, 10 जुलाई को अगली सुनवाई
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By KumarVishwat Sen
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










