कुंदा में गरीब किसान का 350 बोझा अरहर जलकर राख, आपसी रंजिश में जला दी साल भर की मेहनत

अरहर की फसल में आग लगाए जाने के बाद रोती-बिलखती किसान की पत्नी. फोटो: प्रभात खबर
Chatra News: चतरा के कुंदा में अज्ञात लोगों ने रंजिश में गरीब किसान की 350 बोझा अरहर फसल में आग लगा दी. पूरी फसल जलकर राख हो गई. ग्रामीणों ने मुआवजा और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है, जबकि घटना के बाद गांव में आक्रोश और भय का माहौल बना हुआ है. इससे संबंधित पूरी खबर नीचे पढ़ें.
कुंदा से धर्मेंद्र गुप्ता की रिपोर्ट
Chatra News: झारखंड के चतरा जिले के कुंदा थाना क्षेत्र अंतर्गत शाहपुर गांव के बरवहिया टोला से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां अज्ञात शरारती तत्वों ने आपसी रंजिश के चलते एक गरीब किसान की पूरी फसल को आग के हवाले कर दिया. खलिहान में रखे करीब 350 बोझा अरहर जलकर पूरी तरह राख हो गए, जिससे किसान के सामने जीविका का संकट खड़ा हो गया है.
रात के अंधेरे में दिया गया वारदात को अंजाम
घटना बुधवार की देर रात की बताई जा रही है. पीड़ित किसान विदेशी भुइयां और उनका परिवार उस समय गहरी नींद में सो रहा था. इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने खलिहान में रखी अरहर की फसल में आग लगा दी. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे खलिहान को अपनी चपेट में ले लिया.
ग्रामीणों ने बुझाने की कोशिश की, नहीं बच सकी फसल
आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की भरसक कोशिश की. हालांकि, तब तक बहुत देर हो चुकी थी. जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक किसान की पूरी फसल जलकर खाक हो चुकी थी. यह दृश्य देखकर हर कोई स्तब्ध रह गया.
गरीब परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
विदेशी भुइयां एक बेहद गरीब किसान हैं, जो मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं. उनके लिए यह अरहर की फसल ही साल भर की सबसे बड़ी पूंजी थी. इस घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. उनके सामने अब रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है.
ग्रामीणों में आक्रोश
गांव के लोगों का कहना है कि यह घटना किसी की सोची-समझी साजिश का हिस्सा है. ग्रामीणों ने स्पष्ट रूप से आरोप लगाया है कि आपसी रंजिश के कारण ही इस तरह की घटना को अंजाम दिया गया है. घटना के बाद पूरे गांव में तनावपूर्ण माहौल है और लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है.
मुआवजे और कार्रवाई की उठी मांग
स्थानीय ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और कुंदा अंचल अधिकारी से मांग की है कि पीड़ित किसान को तत्काल सरकारी मुआवजा दिया जाए. साथ ही दोषियों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए. ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे.
इसे भी पढ़ें: चास फॉरेस्ट लैंड घोटाले की सीआईडी कर रही है जांच, बांधगोड़ा मामले में अंचल कार्यालय पहुंचे अधिकारी
प्रशासन की भूमिका पर टिकी निगाहें
यह घटना सिर्फ एक फसल के जलने की नहीं, बल्कि एक गरीब परिवार की पूरी उम्मीदों के खत्म होने की कहानी है. अब सबकी नजर प्रशासन पर टिकी है कि वह इस मामले में कितनी तेजी और गंभीरता से कार्रवाई करता है. यदि दोषियों को सजा मिलती है और पीड़ित को मदद मिलती है, तभी न्याय की उम्मीद पूरी हो सकेगी.
इसे भी पढ़ें: मांडू विधायक निर्मल महतो का आरोप, रामगढ़ नगर उपाध्यक्ष पर दर्ज कराया रंगदारी मांगने का मामला
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By KumarVishwat Sen
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




