चतरा पुलिस ने नक्सल, साइबर व मादक पदार्थ के खिलाफ लगातार कर रही हैं कार्रवाई
एसपी अनिमेष नैथानी. | Prabhat Khabar Network
चतरा पुलिस ने नक्सल, साइबर अपराध और मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 787 अपराधियों को गिरफ्तार किया है. जानें जिले की ताजा उपलब्धियां.
चतरा. जिले में अपराध नियंत्रण, नक्सल उन्मूलन, साइबर अपराध व मादक पदार्थाे के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है. पुलिस की ओर से जारी वर्ष 2026 में अब तक की गयी कार्रवाई की उपलब्धियों के अनुसार विभिन्न मामलो में नक्लसियों, अपराधियों सहित 787 लोगो को गिरफ्तार कर जेल भेजा है.
आपके शहर में
नक्सल अभियान के तहत 20 नक्सलियों को किया गया गिरफ्तार
नक्सल अभियान के तहत 24 अगस्त 2026 तक 20 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है. इनमें भाकपा माओवादी के तीन, टीएसपीसी के 10, जेजेएमपी के एक व नक्सली समर्थक छह शामिल हैं. साथ ही पांच हथियार, चार गोली, एक मैगजीन, 12 मोबाइल, दो बाईक को जब्त किया है. साइबर अपराध के खिलाफ जनवरी से जून 2026 तक पुलिस ने 26 कांड दर्ज कर सात साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है.
गिरफ्तार आरोपियों के पास से 39,500 रुपये नकद, चार मोबाइल, चार सिम, एक लैपटॉप, दो पॉस मशीन, एक चारपहिया व एक दोपहिया वाहन, 12 मोटर आईडी, 34 बैंक पासबुक, आठ चेकबुक, 14 डेबिट कार्ड, आठ आधार कार्ड व 10 पैन कार्ड बरामद किये गये. प्रतिबिंब ऐप से संबंधित कार्रवाई में दो कांड दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. इनके पास से सात मोबाइल व 15 सिम बरामद किये गये.
आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज किये गये 15 कांड
आर्म्स एक्ट के तहत 15 कांड दर्ज किये गये और 16 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया. इनके पास से छह देसी कट्टा, दो देसी पिस्टल, एक पिस्टल, एक राइफल, चार भराठी बंदूक, 10 जिंदा गोली व आठ गोली के खोखे बरामद किये गये. वहीं संगठित अपराध के खिलाफ सात कांड दर्ज कर तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया गया.
इनके पास से एक पिस्टल, एक देसी कट्टा, सात खोखा, तीन मोबाइल, एक बाइक, छह जिंदा गोली व एक पर्चा जब्त किया गया. इसके अलावा चोरी, लूटपाट, मारपीट, पॉक्सो एक्ट, मानव तस्करी, यौन शोषण, एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य मामले में 608 अभियुक्तो को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया.
भारी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त, 109 गिरफ्तार
मादक पदार्थों के खिलाफ जनवरी से जुलाई 2026 तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 71 कांड दर्ज किये गये और 109 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया. उक्त तस्करो व आरोपियों के पास से 162.17 किलोग्राम अफीम, 703.099 ग्राम ब्राउन शुगर, 128.228 किलोग्राम गांजा, 3561 किलोग्राम डोडा, 335.900 किलोग्राम डोडा भूसी, 236.7 किलोग्राम पोस्ता दाना व तीन लाख 28 हजार 650 रुपये नकद जब्त किया गया. मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ पिट एनडीपीएस के तहत तीन प्रस्ताव भेजे गये, जिसमें एक प्रस्ताव स्वीकृत हुआ है.
2742 एकड़ में लगी पोस्ता की खेती नष्टफसली वर्ष 2025-26 में जिले में लगायी गयी करीब 2742.27 एकड़ पोस्ता (अफीम) की खेती को नष्ट की गयी. अवैध अफीम की खेती के मामले में 21 कांड दर्ज कर 25 लोगों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने प्रशासन, वन विभाग, कृषि विभाग व शिक्षा विभाग के साथ समन्वय कर अफीम की खेती वाले क्षेत्रों में जागरूकता अभियान भी चलाया है. इसके तहत 125 गांव व 26 पंचायतों को चिह्नित किया गया है. 10 से 25 जून तक विभिन्न विद्यालयों व चौक-चौराहों पर करीब 1800 लोगों व 870 छात्र-छात्राओं व शिक्षकों को मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव के प्रति जागरूक किया गया.
नशा व अपराध मुक्त जिला बनाने का प्रयास जारी- एसपी
एसपी अनिमेष नैथानी ने कहा कि जिले में अपराध नियंत्रण व प्रभावी पुलिसिंग को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है. नक्सल गतिविधियों के साथ साइबर अपराध, अवैध हथियार, मादक पदार्थ व संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी. उन्होंने कहा कि अपराधियों पर कार्रवाई के साथ-साथ मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव व अवैध अफीम की खेती के खिलाफ लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है. पुलिस व आम लोगों के सहयोग से जिले में कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाने, अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने व नशामुक्त जिला बनाने का प्रयास किया जा रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए