Chaibasa News : बस के धक्के से बाइक सवार नाबालिग की मौत, दो गंभीर

Published by : ATUL PATHAK Updated At : 28 Jan 2026 12:22 AM

विज्ञापन

किरीबुरु के प्रोस्पेक्टिंग का रहने वाला था पवन करुवा, दोनों घायलों को राउरकेला रेफर किया गया

विज्ञापन

गुवा/नोवामुंडी. किरीबुरु थाना के मेघाहातुबुरु जाने वाली मुख्य सड़क पर वन विभाग टावर के पास 26 जनवरी की दोपहर करीब 3 बजे बस ने बाइक सवार तीन युवकों को कुचल दिया. इसमें एक युवक की मौत हो गयी, जबकि दो की हालत गंभीर है. मृतक की पहचान किरीबुरु के प्रोस्पेक्टिंग निवासी पवन करुवा (15) और गंभीर रूप से घायल अभिमन्यु पान (18) और लक्खी करुआ (19) के रूप में की गयी है.

मेरा एक ही भाई था अब मैं किसे भैया कहूंगी”:

मां बार-बार यही कह रही थी कि पहले पति को छीन लिया और बेटे को भी छीन लिया भगवान. अब किसके सहारे जियूंगी. बहन सुमित्रा का भी रो-रोकर बुरा हाल है. वह अपने भाई की तस्वीर से लिपटकर फूट-फूटकर रो रही रही थी. बहन कह रही थी – “मेरा एक ही भाई था अब मैं किसे भैया कहूंगी”. नोवामुंडी थाना की सब-इंस्पेक्टर पूर्णिमा कुमारी अस्पताल पहुंची. मां व बहन का बयान दर्ज किया. शव का पोस्टमार्टम मंगलवार को कराया गया.

बाइक से बड़ाजामदा की ओर जा रहे थे तीनों

पुलिस से जानकारी के अनुसार पवन करुवा अपने दो साथियों के साथ बाइक से बड़ाजामदा की ओर जा रहा था. उसी समय सेल प्रबंधन की बस मेघाहातुबुरु की ओर लौट रही थी. जैसे ही बस वन विभाग टावर के पास तीखे मोड़ पर पहुंची, सामने से आ रही मोटरसाइकिल से उसकी जोरदार टक्कर हो गयी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों युवक बस के अंदर चले गये. इससे पवन करुवा की मौके पर ही मौत हो गयी. जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गये. दोनों घायलों को सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोट लगी है. किरीबुरु थाना प्रभारी रोहित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. घायलों को तत्काल नोवामुंडी टिस्को अस्पताल भेज दिया. वहां डॉक्टरों ने पवन करुवा को मृत घोषित कर दिया, जबकि दोनों गंभीर रूप से घायल युवकों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए राउरकेला रेफर कर दिया गया.

सड़क हादसे ने छीन लिया आखिरी सहारा, रो-रोकर बेसुध हुई मां

नोवामुंडी. इस घटना ने एक मां की दुनिया उजाड़ दी. 15 वर्षीय पवन करुवा जैसे ही जिंदगी की दहलीज पर कदम रख रहा था, काल ने उसे मां और बहन से छीन लिया. टिस्को अस्पताल में बेटे की मौत की खबर सुनते ही चीख-पुकार मच गया. पवन करुवा केंद्रीय विद्यालय किरीबुरु का छात्र था. परिवार की उम्मीदों का एकमात्र सहारा था. पवन के पिता शिव शंकर करुवा का पहले ही देहांत हो चुका था. पति की मौत के बाद मां मजदूरी कर अपने बच्चों का पालन-पोषण कर रही थी. जब बेटे की मौत की खबर मिली, तो मां रो-रोकर जमीन पर बेहोश होकर गिर गयी. मां और बहन की क्रंदन से वहां का मौहाल पूरी तरह गमगीन हो गया.

कार के धक्के से बाइक सवार अधेड़ की मौत, साथी बचा

चाईबासा. चाईबासा-चक्रधरपुर मुख्य मार्ग पर शंकोसाई के पास तेज रफ्तार कार के धक्के से बाइक सवार अधेड़ की मौत हो गयी. घटना सोमवार रात की है. मृतक की पहचान मुफ्फसिल थाना के गुइरा गांव निवासी शशि किरण सुंडी (57) के रूप में की गयी. धक्के से उसके सिर में गंभीर चोट लगी थी. स्थानीय लोगों ने बताया कि शशि किरण सुंडी अपने साथी के साथ बाइहातु की ओर से बाइक से गुइरा लौट रहे थे. इसी दौरान शंकोसाई के पास वे कार की चपेट में आ गये. घटना में साथी बाल-बाल बच गया. उसे कहीं चोट नहीं लगी है. शशि किरण अविवाहित थे. गंभीर रूप से घायल सुंडी को उठाकर सदर अस्पताल लाया गया. उपचार के कुछ देर बाद ही उनकी मौत हो गयी. मंगलवार सुबह सदर थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया.

चक्रधरपुर: तेज रफ्तार बाइक ने सड़क पार कर रहे व्यक्ति को मारी टक्कर, गयी जान

चक्रधरपुर. विगत रविवार देर शाम को चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के कुमारलोंग गांव में सड़क पार कर रहे व्यक्ति को तेज रफ्तार बाइक सवार ने टक्कर मार दी. इस दुर्घटना में व्यक्ति की मौत हो गयी. जानकारी के मुताबिक, चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के कुमारलोंग गांव निवासी 45 वर्षीय लखींद्र रहीदास शौच करने के लिए सड़क पार कर रहा था. इस दौरान तेज रफ्तार बाइक सवार में टक्कर मार दी. इस दुर्घटना से लखींद्र की मौत हो गयी. घटना के बाद बाइक सवार फरार हो गया. इधर, अनुमंडल अस्पताल में लखींद्र की शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया. वहीं पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गयी है.

विज्ञापन
ATUL PATHAK

लेखक के बारे में

By ATUL PATHAK

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola