27 नवंबर को दोपई गांव में होगा पद्मश्री देवेंद्र नाथ सामंत की प्रतिमा का अनावरण, मंत्री दीपक बिरुवा करेंगे उद्घाटन
पद्मश्री देवेंद्र नाथ सामंत की प्रतिमा
दोपई गांव में स्वतंत्रता सेनानी पद्मश्री देवेंद्र नाथ सामंत की प्रतिमा का अनावरण 27 नवंबर को किया जाएगा. मंत्री दीपक बिरुवा करेंगे उद्घाटन.
चक्रधरपुर: पश्चिमी सिंहभूम जिले के खूंटपानी प्रखंड स्थित दोपई गांव के महान स्वतंत्रता सेनानी और संविधान सभा के सदस्य पद्मश्री देवेंद्र नाथ सामंत को सम्मान देने की तैयारी चल रही है. आगामी 27 नवंबर 2026 को गांव में उनकी प्रतिमा का अनावरण किया जायेगा. झारखंड सरकार के मंत्री दीपक बिरुवा प्रतिमा का अनावरण करेंगे. कार्यक्रम में चक्रधरपुर के विधायक सुखराम उरांव विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे. समारोह को लेकर प्रतिमा स्थापित करने और चबूतरा निर्माण का काम युद्धस्तर पर चल रहा है.
स्वतंत्रता आंदोलन से संविधान निर्माण तक दिया योगदान
पद्मश्री देवेंद्र नाथ सामंत का जन्म वर्ष 1900 में तत्कालीन अविभाजित बिहार के सिंहभूम जिले के दोपई गांव में हुआ था. उन्होंने वकालत, राजनीति, स्वतंत्रता संग्राम और देश के संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी. वर्ष 1925 में उन्होंने चाईबासा बार एसोसिएशन से वकालत की शुरुआत की. इसके बाद वर्ष 1927, 1930 और 1933 में बिहार विधान परिषद के सदस्य रहे. वर्ष 1946 से 1950 तक उन्होंने उड़ीसा विधान परिषद के सदस्य के रूप में भी अपनी सेवाएं दीं.
देश को अंग्रेजी हुकूमत से आजाद कराने के लिए चले आंदोलन में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रही. वर्ष 1942 में महात्मा गांधी के नेतृत्व में हुए सत्याग्रह आंदोलन समेत कई आंदोलनों में उन्होंने हिस्सा लिया. आजादी के बाद संविधान सभा के सदस्य के रूप में देश के संविधान निर्माण में भी योगदान दिया. उनके उल्लेखनीय कार्यों और राष्ट्र के प्रति योगदान को देखते हुए भारत सरकार ने वर्ष 1970 में उन्हें पद्मश्री सम्मान से नवाजा था. वर्ष 1988 में उनका निधन हो गया.
उड़ीसा के केशना गांव से पहुंची प्रतिमा
लंबे समय तक स्थानीय स्तर पर अपेक्षित पहचान से दूर रहे देवेंद्र नाथ सामंत को अब प्रतिमा स्थापना के जरिये सम्मान देने की पहल की जा रही है. समाज के संरक्षक रामलाल मुंडा ने बताया कि प्रतिमा उड़ीसा के केशना गांव से दोपई पहुंच चुकी है. प्रतिमा स्थापित करने के लिए चबूतरा समेत अन्य जरूरी निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है.
उन्होंने बताया कि प्रतिमा अनावरण समारोह को यादगार बनाने के लिए स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों, मुंडा-मानकी, बुद्धिजीवियों और समाज के गणमान्य लोगों को आमंत्रित किया जा रहा है. आयोजन को लेकर ग्रामीणों में उत्साह है. इस पहल से आने वाली पीढ़ियों को देवेंद्र नाथ सामंत के जीवन, संघर्ष, देशभक्ति और संविधान निर्माण में उनके योगदान के बारे में जानने का अवसर मिलेगा. साथ ही क्षेत्र के इस महान व्यक्तित्व को उचित सम्मान मिल सकेगा.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
