20 रुपये की दूरी का किराया 100 रुपये, चक्रधरपुर की इस सड़क पर क्यों मजबूर हैं लोग?

Updated:
विज्ञापन

तंबाकू पट्टी से भालियाडीह तक जर्जर सड़क

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

तंबाकू पट्टी से भालियाडीह जाने वाली सड़क कई वर्षों से बदहाल है. सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गये हैं. जिसमें पानी भर जानें से समस्या होती है.

विज्ञापन

चक्रधरपुर: शहर के तंबाकू पट्टी से भालियाडीह तक जाने वाली सड़क पिछले कई वर्षों से बदहाल है. सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गये हैं. बारिश के दिनों में इन गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और गंभीर हो जाती है. पानी जमा रहने के कारण कई बार सड़क और गड्ढे का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. इस मार्ग से तंबाकू पट्टी, संतोषी मंदिर, झुमका मोहल्ला, चांदमारी, टेबुल लाइन, केंदो, देवगांव, माटियालीसाई, विर्दीसाई, कुरुलिया, रुगड़ी, महुलपानी, इटोर और भालियाडीह समेत आसपास के कई गांवों के हजारों लोग रोजाना आवागमन करते हैं.

विज्ञापन

गड्ढों ने बढ़ायी परेशानी, बारिश में सड़क बन जाती है मुसीबत

जर्जर सड़क का सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों, ग्रामीणों, मरीजों और रोजाना काम के लिए आने-जाने वाले लोगों पर पड़ रहा है. बारिश में सड़क पर पानी और कीचड़ जमा हो जाने से पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है. दोपहिया वाहन चालकों को भी गड्ढों से बचकर निकलना पड़ता है.

स्थानीय निवासी आरीफ रज्जा ने कहा कि सड़क कई वर्षों से जर्जर है. बड़े-बड़े गड्ढों के कारण रोजाना आवागमन में काफी परेशानी होती है. बारिश के दौरान स्थिति और खराब हो जाती है.

20 की जगह 50 से 100 रुपये तक किराया

खराब सड़क का असर अब लोगों की जेब पर भी पड़ रहा है. ग्रामीणों के अनुसार, सड़क की स्थिति के कारण ऑटो और ई-रिक्शा चालक इस मार्ग पर जाने से बचते हैं. मजबूरी में जो वाहन इस रास्ते पर जाते हैं, वे खराब सड़क और अधिक समय लगने का हवाला देकर अधिक किराया लेते हैं.

देवगांव के प्रीतम प्रमाणीक ने बताया कि खराब सड़क के कारण ऑटो और ई-रिक्शा चालक इस रास्ते पर आने से बचते हैं. मजबूरी में बाजार और चक्रधरपुर जाने के लिए कई बार 50 से 100 रुपये तक किराया देना पड़ता है, जबकि सामान्य दिनों में इसी दूरी के लिए करीब 20 रुपये लगते हैं.

स्कूल जाने वाले बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी

चक्रधरपुर : तंबाकू पट्टी से भालियाडीह तक सड़क जर्जर, ग्रामीण त्रस्त | Prabhat Khabar Network
तंबाकू पट्टी की जर्जर सड़क

इस सड़क की बदहाली से स्कूली विद्यार्थियों को भी रोज परेशानी उठानी पड़ रही है. आदर्श मध्य विद्यालय देवगांव, नवभारत पब्लिक स्कूल कुरुलिया समेत आसपास के विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राएं इसी मार्ग से होकर आते-जाते हैं. बारिश के दौरान जलजमाव और कीचड़ के कारण बच्चों के कपड़े खराब होने के साथ दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है.

देवगांव के कौशल गोप ने कहा कि स्कूल जाने वाले बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है. वहीं अजय कैवर्त ने बताया कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर कई बार आंदोलन और विरोध-प्रदर्शन किया गया, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ.

कान्हू कैवर्त ने कहा कि इस सड़क से कई गांवों के हजारों लोग रोजाना आवागमन करते हैं. सड़क का निर्माण होने से ग्रामीणों को सुविधा मिलेगी और अतिरिक्त किराये का बोझ भी कम होगा. ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों से जल्द सड़क निर्माण की मांग की है.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola