कोटपा कानून को लेकर पुलिस को प्रशिक्षण, तंबाकू दुकानों पर सख्ती के निर्देश

Updated:
विज्ञापन

मंचासीन एसपी, डीएसपी मुख्यालय सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व पुलिस अधिकारी | Prabhat Khabar Network

राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत पुलिस को कोटपा कानून के तहत कार्रवाई के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया. एसपी ने तंबाकू दुकानों पर सख्ती बरतने और हर माह चार बार छापेमारी व चालान काटने का निर्देश दिया है.

विज्ञापन

राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत शनिवार को एसपी कार्यालय के सभागार में एक दिवसीय उन्मुखीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता एसपी नाथू सिंह मीणा ने की. संचालन सिविल सर्जन डॉ. अभय भूषण प्रसाद और डीएसपी मुख्यालय पवन कुमार ने संयुक्त रूप से किया.

आपके शहर में

विज्ञापन

हर माह चार बार करें कोटपा के तहत कार्रवाई : एसपी

एसपी नाथू सिंह मीणा ने सभी थाना प्रभारियों और नामित कोटपा नोडल पदाधिकारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्र में तंबाकू नियंत्रण कानून के तहत नियमित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह कम से कम चार बार कोटपा के विभिन्न प्रावधानों के अनुपालन को लेकर छापेमारी और चालान की कार्रवाई की जाये. चालान के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से उपलब्ध करायी गयी अधिकृत रसीद का ही इस्तेमाल करने का निर्देश दिया.

स्कूल-अस्पताल के आसपास दुकानों पर विशेष निगरानी

एसपी ने कहा कि स्कूल, अस्पताल, बस स्टैंड, सरकारी भवन और न्यायालय के आसपास 100 मीटर के दायरे में आने वाली दुकानों पर विशेष निगरानी रखी जाये. कोटपा के प्रावधानों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाये. उन्होंने अवैध रूप से सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद बेचने वाले दुकानदारों पर भी कार्रवाई करने का निर्देश दिया.

कार्रवाई की रिपोर्ट हर माह करें साझा : डीएसपी

डीएसपी मुख्यालय पवन कुमार ने कहा कि कोटपा के तहत चालान का नियमित इस्तेमाल किया जाये. प्रत्येक दिन की चालान रसीद की प्रति गश्ती वाहन में सुरक्षित रखी जाये. उन्होंने कहा कि समय-समय पर कार्रवाई करते रहें, ताकि कानून के प्रावधानों का अधिकतम अनुपालन सुनिश्चित किया जा सके. प्रत्येक माह के अंतिम सप्ताह में की गयी कार्रवाई की संकलित रिपोर्ट तैयार कर संबंधित ग्रुप में साझा करने का निर्देश भी दिया.

तंबाकू उत्पादों के दुष्प्रभाव की दी जानकारी

प्रशिक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी गुलाब एवं श्री आलम ने तंबाकू और निकोटीन उत्पादों से होने वाले स्वास्थ्य दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी. कार्यक्रम में उपाधीक्षक सदर अस्पताल डॉ. एनपी सिंह, पूजा कुमारी, जिला परामर्शी मो. असलम, छोटेलाल दास समेत विभिन्न थानों के नामित कोटपा नोडल पदाधिकारी मौजूद थे.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola