दर्द और चोट से उबरने में फिजियोथेरेपी उपयोगी, बोकारो में विश्व फिजियोथेरेपी दिवस पर हुई गोष्ठी
गोष्ठी में शामिल होने पहुंचे सभी डॉक्टर
विश्व फिजियोथेरेपी दिवस पर विशेषज्ञों ने बताया कि कैसे फिजियोथेरेपी दर्द, मांसपेशियों की जकड़न और पुरानी चोटों को ठीक करने में बेहद प्रभावी है.
विश्व फिजियोथेरेपी दिवस पर मंगलवार को बारी को-ऑपरेटिव कॉलोनी स्थित कृष्णा सुपरस्पेशियलिटी हॉस्पिटल और कृष्णा नर्सिंग होम में गोष्ठी हुई. इसमें ‘फिजियो चिकित्सा में फिजियोथेरेपी, मैनुअल थेरेपी, व्यायाम व इलेक्ट्रोथेरेपी जैसी तकनीकों का इस्तेमाल’ विषय पर चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने विचार रखे. कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि डॉ कुसुम प्रकाश, निदेशक निशा केशरी और प्रबंधक जितेंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से किया.
भारत में सदियों से प्रचलित है मालिश और कसरत
डॉ कुसुम प्रकाश ने कहा कि फिजियोथेरेपी आधुनिक चिकित्सा पद्धति है, लेकिन भारत में सदियों से प्रचलित मालिश और कसरत के तौर-तरीकों का आधुनिक और वैज्ञानिक रूप भी है. इसके माध्यम से जोड़ों और कोमल ऊतकों के दर्द को कम करने में मदद मिलती है. मैनुअल थेरेपी और चिकित्सीय व्यायाम जोड़ों की गतिशीलता बढ़ाने के साथ पुराने दर्द और चोट से उबरने में भी सहायक हो सकते हैं.
जरूरत के अनुसार होता है तकनीक का इस्तेमाल
उन्होंने कहा कि फिजियोथेरेपी में मरीज की जरूरत के अनुसार मैनुअल थेरेपी, व्यायाम और इलेक्ट्रोथेरेपी जैसी तकनीकों का इस्तेमाल किया जाता है. इससे मांसपेशियों का लचीलापन बढ़ाने, जोड़ों के दर्द को कम करने और शारीरिक सक्रियता बनाए रखने में मदद मिलती है. माइग्रेन के दर्द को प्रबंधित करने, चिंता और अवसाद के लक्षणों को कम करने तथा कैंसर मरीजों की ताकत और शारीरिक क्षमता में सुधार में भी फिजियोथेरेपी उपयोगी हो सकती है.
निजी अस्पतालों में भी मनाया गया दिवस
बोकारो और चास के विभिन्न निजी अस्पतालों व फिजियोथेरेपी केंद्रों में भी विश्व फिजियोथेरेपी दिवस मनाया गया. चास केएम मेमोरियल अस्पताल, मुस्कान अस्पताल और सिटी सेंटर, सेक्टर-4 स्थित फिजियोथेरेपी सेंटर में आयोजित कार्यक्रमों में वक्ताओं ने फिजियोथेरेपी के महत्व पर प्रकाश डाला.
बहूद्देश्यीय है फिजियोथेरेपी
उन्होंने कहा कि हड्डी-मांसपेशियों के दर्द से राहत, सर्जरी से बचाव, शारीरिक समन्वय में सुधार, हृदय और फेफड़ों की कार्यक्षमता बढ़ाने, चोट के प्रबंधन तथा उम्र बढ़ने के साथ फिटनेस बनाए रखने में फिजियोथेरेपी की महत्वपूर्ण भूमिका है. कार्यक्रम में युवा फिजियोथेरेपिस्ट और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए