मां-बेटे की मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस

Updated:
विज्ञापन

कमरे के अंदर जांच करते सिटी डीएसपी व फोरेंसिंक जांच टीम के सदस्य | Prabhat Khabar Network

बोकारो में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक बंद घर से मां और बेटे के शव मिले हैं. पुलिस और फॉरेंसिक टीम 18 घंटे से इस मामले की जांच कर रही है, लेकिन मौत के कारण अभी भी रहस्य बने हुए हैं. पोस्टमार्टम और विसरा रिपोर्ट का इंतज़ार है.

विज्ञापन

बीएस सिटी थाना क्षेत्र के को-ऑपरेटिव कॉलोनी स्थित प्लॉट नंबर 67 के बंद आवास से मिले मां-बेटे के शवों की जांच शुक्रवार को भी जारी रही. गुरुवार की देर रात से शुक्रवार की सुबह तक पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घर की बारीकी से जांच की. फिलहाल दोनों की मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है. शुक्रवार को तीन सदस्यीय मेडिकल बोर्ड ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम किया. पोस्टमार्टम के बाद शवों को बोकारो जेनरल अस्पताल के मोर्चरी हाउस में रखा गया है.

आपके शहर में

विज्ञापन

फॉरेंसिक टीम ने जुटाये वैज्ञानिक साक्ष्य

रांची से पहुंची फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने बंद मकान के अलग-अलग हिस्सों की जांच की. टीम ने संभावित फिंगरप्रिंट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया. घटनास्थल पर कोई स्पष्ट संदिग्ध निशान नहीं मिला. पुलिस ने घर के अंदर की परिस्थितियों और शवों की स्थिति को भी बारीकी से खंगाला.

बेटे का शरीर कमजोर, मां का शव कई दिनों पुराना

मेडिकल बोर्ड के अनुसार 30 वर्षीय नितेश का शरीर काफी कमजोर था. प्रारंभिक जांच में आशंका है कि उसने कई दिनों से पर्याप्त भोजन नहीं किया था. पुलिस को शक है कि कमजोरी के कारण वह बाथरूम में गिर गया होगा, जिससे उसकी मौत हुई.

वहीं 60 वर्षीय अनीता देवी का शव ग्राउंड फ्लोर के बाथरूम से मिला था. शव कई दिनों से पड़े रहने के कारण उसमें सड़ने की प्रक्रिया शुरू हो गयी थी. नितेश का शव पहली मंजिल के बाथरूम से बरामद हुआ. दोनों शवों की स्थिति अलग होने के कारण मौत अलग-अलग समय पर होने की आशंका जतायी जा रही है.

विसरा सुरक्षित, रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

05, 06 | Prabhat Khabar Network
जांच के बाद बाहर में मंत्रणा करते पुलिस अधिकारी व टीम के सदस्य | Prabhat Khabar Network

मेडिकल बोर्ड ने दोनों शवों का विसरा सुरक्षित कर लिया है. इसे वैज्ञानिक जांच के लिए भेजा जायेगा. पोस्टमार्टम, विसरा और फॉरेंसिक जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी.

करीब 18 घंटे चली जांच

एसपी नाथू सिंह मीणा के निर्देश पर डीएसपी सिटी राजीव रंजन, थाना प्रभारी सुदामा कुमार दास और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की करीब 18 घंटे तक जांच की. पुलिस ने शवों की स्थिति, घर के हालात और आसपास के लोगों से मिली जानकारी के आधार पर विभिन्न पहलुओं को खंगाला.

दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने दी थी सूचना

गुरुवार को बंद मकान से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी थी. मौके पर पहुंची पुलिस ने घर का दरवाजा खुलवाया तो अलग-अलग बाथरूम से मां-बेटे के शव मिले. घर की बिजली भी कई दिनों से बंद होने की बात सामने आयी है. पुलिस की प्रारंभिक जांच में नितेश के मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की जानकारी भी सामने आयी है. फिलहाल पुलिस किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola