19वें अंतर्राष्ट्रीय सरना महाधर्म सम्मेलन में सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता पर बल
Published by :Prabhat Khabar Digital Desk
Published at :07 Nov 2019 8:53 AM (IST)
विज्ञापन

ललपनिया/महुआटांड़ : ललपनिया के लुगू धाम में 11 नवंबर से शुरू होने वाले दो दिवसीय 19वां अंतरराष्ट्रीय सरना महाधर्म सम्मेलन की तैयारी को लेकर बोकारो डीसी मुकेश कुमार ने बुधवार को आयोजन समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर समीक्षा की. ललपनिया स्थित श्यामली गेस्ट हाउस में हुई इस बैठक में एसपी पी मुरुगन भी […]
विज्ञापन
ललपनिया/महुआटांड़ : ललपनिया के लुगू धाम में 11 नवंबर से शुरू होने वाले दो दिवसीय 19वां अंतरराष्ट्रीय सरना महाधर्म सम्मेलन की तैयारी को लेकर बोकारो डीसी मुकेश कुमार ने बुधवार को आयोजन समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर समीक्षा की. ललपनिया स्थित श्यामली गेस्ट हाउस में हुई इस बैठक में एसपी पी मुरुगन भी मौजूद थे.
डीसी ने कहा कि महाधर्म सम्मेलन में बाहर से आने वाले में श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा नहीं हो, इसका पूरा ख्याल रखें. श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं के अलावा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के लिए हम कृतसंकल्प हैं. यह समाज का मेला है, समाज के लोग बेहतर से बेहतर करें. जिला प्रशासन आपके साथ है. उन्होंने मेला में आदर्श आचार संहिता के पालन का भी निर्देश दिया. एसपी ने सम्मेलन को लेकर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध की बात कही.
दिये गये कई निर्देश : डीसी ने श्रद्धालुओं के लिए हर प्वाइंट पर पेयजल के लिए टैंकर व नल लगाने, खिजुरियाटांड़ स्थित एकलव्य आश्रम विद्यालय से लुगु घाटी मार्ग होते हुए छरछरिया झरना तक बिजली की वैकल्पिक व्यवस्था करने, लुगुबुरु मार्ग में पिछले साल लगाये गये सोलर लाइट के खराब हुए पैनल को दुरुस्त करने, छरछरिया झरना तालाब की सफाई कराने, महिलाओं के लिए शौचालय व 10 चेंजिंग रूम बनाने का निर्देश दिया.
सम्मेलन स्थल सहित आसपास में 100 शौचालय और 25 चेंजिंग रूम बनाने का निर्देश दिया. सम्मेलन में आने वाले वाहनों के पार्किंग को लेकर चयनित स्थलों पर व्यवस्था दुरुस्त करने, एंबुलेंस, अग्निशमन की व्यवस्था, मेडिकल कैंप लगाने, वोलेंटियर्स नियुक्त करने की बात कही गयी.
बोकारो व गोमिया रेलवे स्टेशन से निःशुल्क शटल बस सेवा उपलब्ध करायी जायेगी. बैठक में डीडीसी रवि रंजन मिश्रा, एएसपी (अभियान) उमेश कुमार, बेरमो एसडीओ प्रेम रंजन, कल्याण विभाग के पीबीएन सिंह, गोमिया बीडीओ मोनी कुमारी, सीओ ओमप्रकाश मंडल, टीटीपीएस के जीएम घनश्याम कुमार, डीजीएम अशोक प्रसाद, एचओडी सिविल सुभाष प्रसाद, पीओ सुखदेव महतो, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के रामप्रवेश राम, शास्त्री शाह, रोहित कुमार, आयोजन समिति के अध्यक्ष बबुली सोरेन, उपाध्यक्ष बाहाराम हांसदा, उपसचिव मिथिलेश किस्कू, कोषाध्यक्ष सतीश चंद्र मुर्मू, कार्यालय सचिव जयराम हांसदा, सचिव दशरथ मार्डी, दिलीप कुमार मरांडी, शिवराम, आशा कुमारी, मेघराज मुर्मू, तालो देवी, वीर सिंह बेसरा, कालिदास, मंझला मुर्मू, रामकुमार सोरेन, प्रभात कुमार आदि मौजूद थे.
आयोजन समिति को सहयोग का भरोसा
आयोजन समिति के अध्यक्ष बबुली सोरेन ने डीसी से पिछले साल की अनुदान राशि नहीं मिलने की बात कही. डीसी ने इसे देखने का भरोसा दिया और सम्मेलन के बजट के बारे में जानकारी ली.
कहा कि जो कार्य समिति पूर्व से करती आ रही है, वह समिति ही करेगी. आयोजन को मिल-जुल कर संपन्न करें. जिला प्रशासन समिति को हरसंभव सहयोग को तैयार है. अगर कोई समस्या आती हो तो तुरंत एसडीओ से संपर्क करें. डीसी ने सम्मेलन स्थल में नो प्लास्टिक यूज व स्वच्छता का संदेश प्रसारित करने पर बल दिया. कहा कि मेला में फोम के प्लेट्स का बिल्कुल इस्तेमाल न करें.
पत्तल और दोना का उपयोग हो. हालांकि, समिति ने पूर्व से ही प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगाया हुआ है. फिर भी समिति ने और व्यापक रूप से इस पर सख्त होने की बात कही. महाधर्म सम्मेलन स्थल में 500 छोटी-बड़ी दुकानें और स्टॉल लगेंगे.
सभी दुकानों व स्टॉल में पत्तों से बने पत्तल और दोना के उपयोग का निर्देश दिया गया है. हर दुकान व स्टॉल संचालक को एक डस्टबिन रखना अनिवार्य रहेगा. बिजली की कम खपत के लिए एलइडी बल्ब लगाने पर बल दिया गया है. समिति ने बताया कि इन व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए अलग से वोलेंटियर्स नियुक्त किये जायेंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




