ePaper

बोकारो थर्मल में ग्रामीणों ने पीट-पीट कर मुबारक अंसारी काे मार डाला, बैटरी चोरी का लगाया आरोप

Updated at : 07 Nov 2019 8:48 AM (IST)
विज्ञापन
बोकारो थर्मल में ग्रामीणों ने पीट-पीट कर मुबारक अंसारी काे मार डाला, बैटरी चोरी का लगाया आरोप

बोकारो थर्मल : बोकारो थर्मल में मंगलवार की रात बैटरी चोरी के आरोप में भीड़ ने मुबारक अंसारी (45 वर्ष) को पीट-पीट कर मार डाला, जबकि एक अन्य आरोपी अख्तर अंसारी (26 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया. दोनों बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र की नयी बस्ती के रहनेवाले हैं. पुलिस ने मामले में एक […]

विज्ञापन

बोकारो थर्मल : बोकारो थर्मल में मंगलवार की रात बैटरी चोरी के आरोप में भीड़ ने मुबारक अंसारी (45 वर्ष) को पीट-पीट कर मार डाला, जबकि एक अन्य आरोपी अख्तर अंसारी (26 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया.

दोनों बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र की नयी बस्ती के रहनेवाले हैं. पुलिस ने मामले में एक ही परिवार के पांच लोगों को हिरासत में लिया है़ घायल आरोपी अख्तर अंसारी के आवेदन पर पुलिस ने हिरासत में लिये गये पांचों लोगों और अन्य सात अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है.
देर रात की घटना : सीसीएल गोविंदपुर हॉस्पिटल के सामने मेन रोड के किनारे गोविंदपुर बस्ती निवासी प्रेमचंद महतो और उनके पुत्र कुंदन महतो व नंदन महतो वाहनों को धोने के लिए सर्विसिंग सेंटर चलाते हैं. उनका घर भी वहीं है. एक सप्ताह पूर्व सर्विसिंग सेंटर से टुल्लू पंप और पाइप की चोरी हुई थी़
मंगलवार की रात लगभग दो बजे प्रेमचंद महतो की पत्नी नैना देवी (38 वर्ष) किसी कारण घर से बाहर बाहर निकली, तो देखा, दो लोग वाहन की बैटरी लेकर जा रहे हैं. शोर मचाने पर प्रेमचंद महतो, कुंदन महतो और नंदन महतो बाहर निकले और दोनों को दौड़ा कर पकड़ा तथा सर्विसिंग सेंटर के बाहर बिजली के सीमेंट पोल से रस्सी से उन्हें बांध दिया. सूचना पाकर गोविंदपुर बस्ती से रात में ही काफी संख्या में लोग पहुंच गये़
पूछताछ के क्रम में भीड़ ने लात-घूसों, चप्पल और डंडे से जम कर दोनों की पिटाई शुरू कर दी. किसी ने भी स्थानीय थाना में इसकी सूचना नहीं दी़ स्थानीय मुखिया रेखा महतो एवं पंचायत समिति सदस्य नागेश्वर महतो भी घटनास्थल नहीं पहुंचे़
सुबह दी गयी पुलिस को सूचना : सुबह लगभग साढ़े पांच बजे माॅर्निंग वाक पर निकले किसी व्यक्ति ने घटना को देख कर स्थानीय पुलिस को सूचना दी़ इसके बाद पुलिस पहुंची और दोनों घायल को डीवीसी हॉस्पिटल ले गयी़ रास्ते में ही मुबारक अंसारी की मौत हो गयी. गंभीर रूप से घायल अख्तर का इलाज कराया गया़
डॉ एस हेंब्रम ने जांच कर मुबारक को मृत घोषित कर दिया़ डॉक्टर ने कहा कि अंदरूनी गंभीर चोट के कारण ही मौत हुई है़ अख्तर ने इलाज के दौरान पुलिस को बताया कि वे बैटरी चोरी कर ले जा रहे थे. भीड़ ने मारपीट की. पुलिस ने चोरी कर ले जा रहे बैटरी को भी बरामद कर लिया है़
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola