चास : चास नगर निगम की ओर से अमृत पार्क फेज-4 का निर्माण भोलूर बांध के आसपास कराना है. इसमें भोलूर बांध के पूरे क्षेत्र को चिह्नित किया गया है. इस कार्य को एक करोड़ 39 लाख 84 हजार 514 रुपये की लागत से करना है. निगम की ओर से आरव इंडिया कंपनी को यह कार्य आवंटित किया गया है.
जबकि कंपनी की ओर से दिये गये शपथ पत्र पर संचालक शिखा मोदक का हस्ताक्षर ही नहीं है. साथ ही पंजाब नेशनल बैंक का सर्टिफिकेट जमा किया गया है. इस सर्टिफिकेट पर कहीं भी दिनांक व पत्रांक नंबर उल्लेख ही नहीं है. इसके बाद भी निगम ने उक्त कंपनी को कार्य आवंटित कर दिया है.
निगम ने दो बार भेजा नोटिस, कंपनी ने फिर भी नहीं किया एकरारनामा
निगम की ओर से आरव इंडिया कंपनी को फेज-4 के कार्यादेश का एकरारनामा करने के लिये दो बार नोटिस भेजा गया. इसके बावजूद कंपनी की ओर से एकरारनामा करने के प्रति दिलचस्पी नहीं दिखायी गयी. 29 दिसंबर 2018 को भेजे गये नोटिस में कंपनी को सख्त निर्देश देते हुये एक सप्ताह के अंदर कार्य की आवंटित राशि का तीन फीसदी अग्रधन राशि जमा करने को कहा गया, लेकिन कंपनी ने ऐसा नहीं किया.
इसके दूसरा नोटिस 16 जनवरी 2019 को कंपनी को निगम ने भेजा. इसमें भी एक सप्ताह के अंदर एकरारनामा करने का निर्देश दिया गया. लेकिन दोनों नोटिस का समय-सीमा बीत जाने के बाद भी संवेदक कंपनी ने अग्रधन राशि जमा नहीं किया. दोनों नोटिस में कहा गया था कि अगर एक सप्ताह के अंदर अग्रधन राशि जमा करते हुये एकरारनामा नहीं हुई तो द्यितीय न्यूनतम निविदादाता को कार्य आवंटित कर दिया जायेगा. समय-सीमा बीत जाने के बाद भी निगम की ओर से इस दिशा में कंपनी के खिलाफ अभी तक किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गयी है.
निविदा फाइल में बहुत कमी है : डिप्टी मेयर
डिप्टी मेयर अविनाश कुमार ने बताया कि अमृत पार्क फेज-4 के निविदा फाइल की जांच की गयी. इसमें काफी कमी पायी गयी है. कंपनी की ओर से पीएनबी का दिया गया बैंक सर्टिफिकेट संदेह के घेरे में है. इसमें पत्रांक व दिनांक का उल्लेख नहीं है. वहीं सुरक्षा राशि एसबीआइ जोधाडीह मोड़ शाखा की जमा की गयी है.
इसके अलावे शपथ पत्र में कंपनी के संचालक का हस्ताक्षर भी नहीं है. उन्होंने बताया कि कंपनी की ओर से सलाना टर्न ओवर का भी जिक्र नहीं किया गया है. इससे प्रतीत होता है कि गलत ढंग से कार्य आवंटित किया गया है. उन्होंने कहा कि इस मामले की उच्चस्तरीय जांच करायी जायेगी. फिलहाल संवेदक कंपनी की ओर से दिये गये सभी कागजातों की जांच करायी जा रही है. श्री कुमार ने कहा कि कंपनी का रजिस्ट्रेशन 12 अप्रैल 2018 का है, ऐसे में कंपनी के पास कार्य करने का कोई अनुभव नहीं है.
कार्य प्रभावित नहीं
चास. मेयर भोलू पासवान के जेल जाने के बाद भी निगम कार्यालय में किसी प्रकार का कार्य प्रभावित नहीं हुआ है. प्रतिदिन की भांति निगम कार्यालय में सभी कार्य सामान्य रूप से हो रहे हैं. मेयर के नहीं रहने पर आम जनता के कार्यों को डिप्टी मेयर अविनाश कुमार संभाल रहे हैं. निगम कार्यालय में जन्म-मृत्यु, पीएम आवास व होल्डिंग टैक्स सहित अन्य कार्य हो रहे हैं.
वहीं सफाई कर्मी भी वार्ड क्षेत्रों में सफाई का कार्य कर रहे हैं. इन दिनों निगम कार्यालय में अधिकांश वार्ड क्षेत्र के पार्षद प्रत्येक दिन कार्यालय पहुंच रहे हैं. साथ ही क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा डिप्टी मेयर व कार्यपालक पदाधिकारी जेपी यादव से करते हैं. निगम कार्यालय में जरूरत के अनुसार ही लोग पहुंच रहे हैं.