सूचना अधिकार के तहत मांगी गयी जानकारी में हुआ खुलासा
– सिमडेगा के कृषि पदाधिकारी ने कहा, उच्च अधिकारियों से ली जा सकती है जानकारी
– रांची और बोकारो के कृषि पदाधिकारी ने भी नहीं दी सही जानकारी
रांची : राज्य के जिला कृषि पदाधिकारियों को भी फसल चक्र की जानकारी नहीं है. इसका पता सूचना अधिकारी के तहत सुनील कुमार महतो की ओर से मांगी गयी जानकारी में चला है. सुनील कुमार ने कृषि विभाग से बीज उपचार के लिए निविदा निष्पादन की तिथि, उपचार की तिथि, बीज की आपूर्ति की तिथि और झारखंड के फसल चक्र की जानकारी मांगी थी. इस पर सिमडेगा के कृषि पदाधिकारी ने लिखा कि झारखंड के फसल चक्र की जानकारी उच्च अधिकारियों से ली जा सकती है.
रांची के जिला कृषि पदाधिकारी ने फसल चक्र की जानकारी के जवाब में धान-परती, धान-मटर, चना, धान-सब्जी और मक्का-गेहूं लिख दिया. बोकारो के पदाधिकारी ने राज्य में छह फसल चक्र बताये. उन्होंने फसल चक्र की जानकारी कुछ इस तरह दी, धान-गेहूं-मूंग, धान-चना, धान-सरसों, धान-मक्का, मक्का-सब्जी और धान-सब्जी.
एक ने कहा-रसायन की खरीद नहीं, दूसरे ने तिथि बतायी
बोकारो जिले ने सूचना दी कि वर्ष 2012-13 और 2013-14 में बीच उपचार के लिए रसायन की खरीद नहीं हुई थी. बीज उपचारित प्राप्त हुआ था. वहीं, रांची जिले ने जानकारी दी है कि वर्ष 2012-13 में खरीफ में, चार जून 2012 से 19 जून 2012 तक रबी में और दो जून 2012 से 17 नवंबर 2013 तक बीज उपचार हुआ था. 2013-14 में खरीफ में पांच जून 2013 से 18 जून 2013 और रबी में 22 नवंबर 2013 से पांच दिसंबर 2013 तक बीज उपचार हुआ था.