नालागढ़ थाने में IED ब्लास्ट मामले में NIA की बड़ी कार्रवाई, तीन और आरोपी गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर , एनआईए

हिमाचल प्रदेश के नालागढ़ पुलिस स्टेशन में हुए IED विस्फोट मामले में NIA ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इन गिरफ्तारियों के साथ मामले में NIA द्वारा गिरफ्तार आरोपियों की कुल संख्या छह हो गयी है। NIA अब इस विस्फोट के पीछे की बड़ी साजिश का पता लगाने में जुटी है।

विज्ञापन

नालागढ़ IED विस्फोट मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या छह हुई, आतंकी साजिश और नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही NIA

विज्ञापन

नयी दिल्ली: हिमाचल प्रदेश के नालागढ़ पुलिस स्टेशन में हुए IED विस्फोट मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इन गिरफ्तारियों के साथ मामले में NIA द्वारा गिरफ्तार आरोपियों की कुल संख्या छह हो गयी है.

1 जनवरी को थाने की बाहरी दीवार के पास हुआ था विस्फोट

नालागढ़ पुलिस स्टेशन परिसर में 1 जनवरी 2026 को सुबह करीब 9:40 बजे IED विस्फोट हुआ था. विस्फोट पुलिस स्टेशन की बाहरी दीवार के पास, जांच अधिकारी के कमरे से सटी जगह पर हुआ था.

इस मामले में शुरुआत में नालागढ़ थाना में FIR संख्या 02/2026 दर्ज की गयी थी. बाद में मामले की जांच NIA ने अपने हाथ में ले ली. एजेंसी ने 8 मई 2026 को इसे RC-27/2026/NIA/DLI के रूप में फिर से दर्ज किया. मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS), विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) की संबंधित धाराएं लगायी गयी हैं.

यह भी पढ़ें : PHOTOS : जब एक ही कार में सवार होकर निकले पीएम मोदी और राष्ट्रपति पुतिन, देखें तस्वीरें

तीन और आरोपियों की हुई गिरफ्तारी

जांच के दौरान NIA ने तीन और आरोपियों की संलिप्तता का पता लगाया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंजाब के एसबीएस नगर जिले के राहों निवासी अरशदीप सिंह उर्फ अरश कंडोला, करनप्रताप और दिलजोत सैनी के रूप में हुई है.

अरशदीप सिंह उर्फ अरश कंडोला मोहल्ला सरहिंदिया, राहों का रहने वाला है. करनप्रताप मोहल्ला रोटा, राहों का निवासी है, जबकि दिलजोत सैनी झांसी पार्क कॉलोनी, नवांशहर रोड, राहों का रहने वाला है.

NIA के मुताबिक, तीनों आरोपी पहले से ही पंजाब के गढ़शंकर थाना में दर्ज FIR संख्या 11/2026 के सिलसिले में गिरफ्तार थे. अब उन्हें नालागढ़ IED विस्फोट मामले में भी गिरफ्तार किया गया है.

पहले तीन आरोपी भी हो चुके हैं गिरफ्तार

इस मामले में NIA इससे पहले महावीर कुमार उर्फ काका, अजय मेहरा और मनप्रीत सिंह उर्फ मनी को गिरफ्तार कर चुकी है. इन तीनों को पहले पंजाब पुलिस ने मोहाली स्थित SSOC में दर्ज FIR संख्या 02/2026 के सिलसिले में गिरफ्तार किया था. इसके बाद NIA ने नालागढ़ IED विस्फोट मामले में उन्हें गिरफ्तार किया.

यह भी पढ़ें : अन्ना हजारे की तबीयत बिगड़ी, हॉस्पिटल में भर्ती

बड़ी साजिश और नेटवर्क का पता लगा रही NIA

NIA अब इस विस्फोट के पीछे की बड़ी साजिश का पता लगाने में जुटी है. जांच एजेंसी आरोपियों की भूमिका, उनके आपसी संबंध और घटना से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने के साथ पूरे नेटवर्क और उसके लिंक की पड़ताल कर रही है.

NIA का उद्देश्य घटना में शामिल सभी लोगों तक पहुंचना और इस आपराधिक नेटवर्क की पूरी कड़ियों का खुलासा करना है. मामले में आगे की जांच जारी है.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola