बिहार में इस बार गृहस्थ और वैष्णव एक ही दिन मनायेंगे कृष्ण जन्माष्टमी, पटना में यहां हुई है विशेष तैयारी

Updated at : 18 Aug 2022 1:54 PM (IST)
विज्ञापन
बिहार में इस बार गृहस्थ और वैष्णव एक ही दिन मनायेंगे कृष्ण जन्माष्टमी, पटना में यहां हुई है विशेष तैयारी

krishna janmashtami 2022: राजधानी पटना के अधिकतर मंदिरों को रंगीन बल्बों से सजाया जा रहा है. इस्कॉन मंदिर और श्री गौड़ीय मठ सहित अन्य मंदिरों में 19 अगस्त यानी शुक्रवार को जन्माष्टमी मनाया जायेगा.

विज्ञापन

पटना. भाद्रपद मास में सनातन धर्मावलंबियों का प्रमुख पर्व श्रीकृष्ण जन्माष्टमी 19 अगस्त को गृहस्थ व वैष्णव यानि साधु संत एक साथ मनायेंगे. दो साल बाद जन्माष्टमी रोहिणी नक्षत्र की जगह कृतिका नक्षत्र व ध्रुव योग में मनायी जायेगी. श्रीकृष्ण की आराधना की सारी तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है. राजधानी पटना के अधिकतर मंदिरों को रंगीन बल्बों से सजाया जा रहा है. इस्कॉन मंदिर और श्री गौड़ीय मठ सहित अन्य मंदिरों में 19 अगस्त यानी शुक्रवार को जन्माष्टमी मनाया जायेगा.

श्री गौड़ीय मठ

श्री गौड़ीय मठ मंदिर के प्रवक्ता विश्वजीत कुमार ने बताया कि यहां महाभिषेक, शृंगार एवं 108 प्रकार का भोग निवेदन का कार्यक्रम होगा. सुबह 8-10 बजे तक मां देवकी गर्भ स्तुति, शाम पांच बजे से रात्रि सात बजे तक हरिनाम संकीर्तन और श्रीमद्भागवत कथा-पाठ होगा. रात्रि 11 से 12:30 बजे तक गौड़ीय भक्तों द्वारा महाभिषेक, शृंगार एवं 108 प्रकार का भोग निवेदन, रात्रि 12:30 बजे दिव्य जन्म आरती दिव्य दर्शन और रात्रि 12:30 बजे के बाद प्रसाद का वितरण होगा.

इस्कॉन मंदिर

बुद्ध मार्ग स्थित इस्कॉन मंदिर में शुक्रवार को 151 चांदी कलश व दक्षिणायन शंख से भगवान का अभिषेक होगा. इस्कॉन मंदिर पटना के अध्यक्ष कृष्ण कृपा दास ने बताया कि पहली बार इस्कॉन मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का आयोजन किया जा रहा है. इसे लेकर लोगों में काफी उत्साह है. इस मौके पर मंदिर हॉल में आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम ख्याति प्राप्त कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किया जायेगा.

Also Read: बिहार में कल मनेगी कृष्ण जन्माष्टमी, घर-घर में मनेगा कान्हा का जन्मोत्सव, पटना बाजार हुआ गुलजार
यमुना अपार्टमेंट

सुधीर गुप्ता ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी 57वीं वर्षगांठ पर 19 अगस्त को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी व झांकी दर्शन यमुना अपार्टमेंट (बोरिंग रोड) में धूमधाम से मनाया जायेगा. यह कार्यक्रम दो दिवसीय होता है. यह 19 व 20 अगस्त को मनाया जायेगा. शाम सात बजे से रात दो बजे तक श्री कृष्ण लीला झांकी दर्शन के लिए खुली रहेगी. 20 अगस्त को दोपहर 12 बजे से रात के 10 बजे तक श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे.

जानें शुभ मुहूर्त

पं श्रीपति त्रिपाठी ने बताया कि बनारसी पंचांग में 18 अगस्त रात्रि 12 बजकर 14 मिनट से 19 अगस्त रात्रि 01 बजकर 06 मिनट तक अष्टमी तिथि व अहले सुबह 4.58 तक कृतिका नक्षत्र के बाद रोहिणी नक्षत्र शुरू हो रहा है. निशिथ पूजा मुहूर्त रात्रि 12 बजकर 20 मिनट से 1: 05 बजे तक रहेगा. 20 अगस्त शनिवार को रोहिणी का व्रत होगा.उदयव्यापिनी रोहिणी नक्षत्र को मानने वाले उस दिन जन्मोत्सव मनायेंगे.

जानें मुख्य बातें

  • दो साल के बाद कृतिका नक्षत्र और ध्रुव योग में इस बार मनेगा श्रीकृष्ण जन्मोत्सव

  • बिहार की राजधानी पटना में महावीर मंदिर और इस्कॉन मंदिर में होगी विशेष पूजा-अर्चना

  • श्री गौड़ीय मठ में 108 कलश से महाभिषेक और 108 प्रकार का लगेगा भोग

  • 20 अगस्त को इस्कॉन के संस्थापक श्रील प्रभुपाद का मनेगा जन्म उत्सव

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन