ePaper

खेत पटाने गया छोटू विद्युत प्रभावित तार की चपेट में आने से तोड़ा दम

Updated at : 23 Feb 2026 6:33 PM (IST)
विज्ञापन
खेत पटाने गया छोटू विद्युत प्रभावित तार की चपेट में आने से तोड़ा दम

थाना क्षेत्र में सोमवार को एक युवक की बिजली करंट लगने से मौत हो गयी. किसान खेत में पानी पटा रहे थे. इसी क्रम में वह विद्युत प्रभावित तार की चपेट में आ गये.

विज्ञापन

युवक की बिजली करंट से मौत, परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल प्रतापगंज. थाना क्षेत्र में सोमवार को एक युवक की बिजली करंट लगने से मौत हो गयी. किसान खेत में पानी पटा रहे थे. इसी क्रम में वह विद्युत प्रभावित तार की चपेट में आ गये. मृतक की पहचान भवानीपुर दक्षिण पंचायत, वार्ड नंबर 14 निवासी कृष्णामोहन मंडल के छोटे पुत्र 18 वर्षीय छोटू कुमार मंडल के रूप में की गयी है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छोटू कुमार मंडल रोज़ की तरह सोमवार सुबह अपने खेत में लगे फसल में पानी पटाने गया था. इसी दौरान अचानक पानी आना बंद हो गया. जब उसने कारण जानना चाहा तो देखा कि बिजली का तार एक जगह से टूट गया है. मासूमियत और जल्दबाज़ी में छोटू ने बिजली लाइन काटे बिना ही टूटे तार को जोड़ने की कोशिश कर दी. इसी दौरान तार में प्रवाहित तेज़ करंट ने उसे अपनी चपेट में ले लिया और वह वहीं खेत में गिर पड़ा. आसपास के खेतों में काम कर रहे लोगों ने जब छोटू को जमीन पर गिरा हुआ देखा तो शोर मचाया. हो-हल्ला सुनकर आस-पास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. परिजनों में मचा कोहराम घटना की खबर जैसे ही घर पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया. मां-बाप और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. ग्रामीणों की मदद से आनन-फानन में उसे सीएससी प्रतापगंज लाया गया. जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ललित ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. मौत की घोषणा होते ही अस्पताल परिसर में मौजूद परिजनों की चीख-पुकार से माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया. परिजनों ने पोस्टमार्टम कराये बिना ही शव को घर ले जाने का निर्णय लिया. जहां परंपरागत रीति-रिवाज के साथ उसका अंतिम संस्कार किया गया. दो भाई व तीन बहनों में छोटा था मृतक बताया गया कि छोटू दो भाइयों और तीन बहनों में सबसे छोटा था. उसकी असमय मौत से न सिर्फ परिवार बल्कि पूरा गांव शोक में डूब गया है. घटना की सूचना मिलते ही जनप्रतिनिधि, रिश्तेदार और ग्रामीण बड़ी संख्या में पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और उन्हें ढाढ़स बंधाया. लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आपदा सहायता और मुआवज़ा देने की मांग की है. छोटू की मौत से प्रतापगंज क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है.

विज्ञापन
RAJEEV KUMAR JHA

लेखक के बारे में

By RAJEEV KUMAR JHA

RAJEEV KUMAR JHA is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन