संदिग्ध हालात में महिला की मौत, लगाया हत्या का आरोप

Published by : RAJEEV KUMAR JHA Updated At : 14 Feb 2026 6:31 PM

विज्ञापन

थाना क्षेत्र अंतर्गत रामविशनपुर पंचायत के वार्ड नंबर सात में शुक्रवार की रात एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी

विज्ञापन

राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामविशनपुर पंचायत के वार्ड नंबर सात में शुक्रवार की रात एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी. जिससे इलाके में सनसनी फैल गई. मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है. परिजनों का कहना है कि महिला को फांसी लगाकर मार दिया गया. मृत महिला की पहचान कौशल्या देवी (35 वर्ष) के रूप में हुई है, जो रामविशनपुर वार्ड नंबर सात निवासी सुंदर मुखिया की पत्नी थी. उनकी शादी लगभग 15 वर्ष पूर्व हुई थी. कौशल्या देवी के तीन छोटे बेटे हैं. गौतम (10 वर्ष), गौरव (05 वर्ष) और रोशन (04 वर्ष). मृतका के भाई बिनोद मुखिया ने बताया कि शुक्रवार रात उनकी बहन फोन कर कहा था कि उसके पति, सास, भैसुर सहित अन्य लोग उसके साथ मारपीट कर रहे हैं. फांसी लगाकर मारने की कोशिश कर रहे हैं. इसके बाद शनिवार सुबह जब वे बहन के ससुराल पहुंचे, तो उसकी मौत हो चुकी थी. उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी. परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद से ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार हैं. मृतका की मां ने भी दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है. परिजनों ने सुंदर मुखिया, राजेश मुखिया, पारो देवी एवं टहरी देवी को इस मामले में आरोपी बताया है. परिजन तेतरी देवी ने बताया कि करीब एक माह पहले भी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था, उस दौरान महिला को करंट लगाए जाने की घटना भी सामने आई थी. इलाज के बाद मामला शांत हो गया था, लेकिन शुक्रवार की रात फिर से विवाद हुआ और कौशल्या देवी ने मायके फोन कर अपनी जान को खतरा बताया था. शनिवार सुबह सूचना मिली कि उसकी मौत हो गई है. जब मायके वाले मौके पर पहुंचे तो शव घर के बरामदे में रखा हुआ था. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस के अनुसार महिला के गले पर निशान और शरीर पर चोट के कुछ निशान पाए गए हैं. हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा. मामले में थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है तथा नामजद आरोपियों की तलाश जारी है.

विज्ञापन
RAJEEV KUMAR JHA

लेखक के बारे में

By RAJEEV KUMAR JHA

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन