Watch Video: मोदी-बालेन्द्र शाह की वार्ता से कोसी-सीमांचल को उम्मीद, सप्तकोसी परियोजना पर तेज होगा काम

Updated:
विज्ञापन
WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

भारत-नेपाल वार्ता से कोसी-सीमांचल को नई उम्मीदें हैं. सप्तकोसी-सुनकोसी परियोजनाओं पर काम तेज करने का फैसला बाढ़ प्रभावित जिलों के लिए महत्वपूर्ण है.

विज्ञापन

India Nepal Relations 2026: भारत और नेपाल के बीच रिश्ता सिर्फ दो पड़ोसी देशों की कूटनीति तक सीमित नहीं है. बिहार के सीमावर्ती इलाकों में यह रिश्ता परिवार, कारोबार, संस्कृति और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़ा है. सुपौल के लिए नेपाल महज पड़ोसी देश नहीं, बल्कि सामाजिक और आर्थिक संबंधों का भी अहम हिस्सा है. ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की 23 नवंबर 2026 को नई दिल्ली में हुई मुलाकात ने कोसी और सीमांचल के लोगों की उम्मीदें बढ़ा दी हैं.

विज्ञापन

दोनों देशों ने जल संसाधन, ऊर्जा, रेलवे, सड़क, सीमा पर बुनियादी ढांचे और व्यापारिक संपर्क को मजबूत करने पर सहमति जतायी है. इनमें सप्तकोसी और सुनकोसी बहुउद्देशीय परियोजनाओं पर काम तेज करने का फैसला सुपौल और आसपास के बाढ़ प्रभावित जिलों के लिए खास महत्व रखता है. हालांकि, इन योजनाओं का वास्तविक लाभ कब और किस रूप में मिलेगा, यह आगे की तकनीकी प्रक्रिया और क्रियान्वयन पर निर्भर करेगा.

सप्तकोसी-सुनकोसी परियोजना से बाढ़ प्रभावित जिलों को बड़ी उम्मीद

कोसी क्षेत्र के लिए इस वार्ता का सबसे महत्वपूर्ण पहलू जल संसाधनों से जुड़ा सहयोग है. दोनों देशों ने सप्तकोसी और सुनकोसी बहुउद्देशीय परियोजनाओं की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट यानी डीपीआर पर काम तेज करने की जरूरत जतायी है. इन परियोजनाओं का उद्देश्य जल संसाधनों का पारस्परिक लाभ के लिए उपयोग करना और बाढ़ के प्रतिकूल प्रभाव को कम करना है.

कोसी नदी के कारण सुपौल, सहरसा, मधेपुरा और आसपास के इलाकों में हर साल बाढ़ का खतरा बना रहता है. बरसात के मौसम में नदी का जलस्तर बढ़ने से खेती, आवागमन, घरों और आजीविका पर असर पड़ता है. ऐसे में नेपाल के साथ जल प्रबंधन को लेकर बेहतर तालमेल इस पूरे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण हो सकता है.

दोनों देशों ने केवल परियोजनाओं की डीपीआर पर काम तेज करने की बात ही नहीं कही, बल्कि बाढ़ की पूर्व चेतावनी, जल-मौसम संबंधी आंकड़ों के वास्तविक समय में आदान-प्रदान और आपदा प्रबंधन में सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति जतायी है. इससे भविष्य में बाढ़ के जोखिम को समझने और समय रहते तैयारी करने में मदद मिल सकती है.

अयोध्या-जनकपुर रेल सेवा से बढ़ेगा धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन

भारत और नेपाल के बीच आवागमन को आसान बनाने के लिए रेल संपर्क पर भी महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है. दोनों प्रधानमंत्रियों ने अयोध्या और जनकपुर के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस रेल सेवा को रवाना किया. यह सेवा रामायण सर्किट से जुड़े धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ दोनों देशों के ऐतिहासिक संबंधों को मजबूत करने में मदद करेगी.

इसके अलावा रक्सौल-काठमांडू प्रस्तावित विद्युतीकृत ब्रॉडगेज रेल लाइन के फाइनल लोकेशन सर्वे को पूरा करने की घोषणा की गयी. दोनों देशों ने नेपाल में ईस्ट-वेस्ट रेलवे के विकास में सहयोग पर भी सहमति जतायी है.

बिहार के लिहाज से इन योजनाओं का महत्व इसलिए भी है, क्योंकि राज्य के कई इलाके नेपाल से व्यापार और आवागमन के लिए जुड़े हैं. रेल और सड़क संपर्क मजबूत होने से भविष्य में यात्रियों, व्यापारियों और परिवहन क्षेत्र को लाभ मिल सकता है.

सुपौल के कारोबारियों और युवाओं के लिए खुल सकते हैं नए अवसर

सुपौल की भौगोलिक स्थिति भारत-नेपाल संबंधों के लिहाज से महत्वपूर्ण है. वीरपुर, भीमनगर, कुनौली और आसपास के सीमावर्ती इलाकों का नेपाल के साथ सामाजिक और व्यापारिक जुड़ाव है. दोनों देशों के बीच व्यापारिक सुविधाएं बढ़ने और सीमा पर आधारभूत संरचना मजबूत होने का असर स्थानीय कारोबार पर भी पड़ सकता है.

नई दिल्ली में हुई वार्ता में सीमा पर एकीकृत जांच चौकियों के निर्माण और विस्तार, सड़क संपर्क, पुलों तथा पेट्रोलियम पाइपलाइन से जुड़े कामों को आगे बढ़ाने पर सहमति जतायी गयी. दोनों देशों ने सीमा पार व्यापार को बेहतर बनाने के लिए नए संपर्क मार्गों और ट्रांजिट सुविधाओं पर भी जोर दिया है.

यदि इन योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन होता है, तो सीमावर्ती क्षेत्रों के छोटे व्यापारियों, परिवहन कारोबारियों और स्थानीय युवाओं के लिए नए अवसर बन सकते हैं. व्यापारिक गतिविधियां बढ़ने से होटल, परिवहन, बाजार और अन्य सेवाओं से जुड़े व्यवसायों को भी लाभ मिलने की संभावना है.

ऊर्जा और पेट्रोलियम क्षेत्र में भी बढ़ेगा सहयोग

भारत और नेपाल ने ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति जतायी है. दोनों देशों ने नेपाल में जलविद्युत परियोजनाओं को आगे बढ़ाने और बिजली व्यापार की संभावनाओं को मजबूत करने की बात कही है. वार्ता के दौरान 669 मेगावाट की लोअर अरुण जलविद्युत परियोजना की आधारशिला भी रखी गयी.

इसके अलावा मोतिहारी-अमलेखगंज पेट्रोलियम पाइपलाइन के दूसरे चरण को जनता को समर्पित किया गया. नेपाल के झापा में पेट्रोलियम टर्मिनल के निर्माण की आधारशिला रखी गयी और सिलीगुड़ी से झापा तक पेट्रोलियम पाइपलाइन के काम को जल्द शुरू करने पर जोर दिया गया.

'रोटी-बेटी' के रिश्ते को आर्थिक साझेदारी में बदलने की पहल

भारत और नेपाल के बीच खुली सीमा, पारिवारिक संबंध और सांस्कृतिक समानता लंबे समय से दोनों देशों को जोड़ती रही है. सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए यह रिश्ता रोजमर्रा के जीवन का हिस्सा है. ऐसे में दोनों देशों के बीच बेहतर सहयोग का असर केवल सरकारी स्तर पर नहीं, बल्कि आम लोगों के जीवन पर भी पड़ सकता है.

दोनों प्रधानमंत्रियों ने आर्थिक और विकासात्मक साझेदारी को मजबूत करने के लिए साझा दृष्टि दस्तावेज अपनाया है. भारत ने नेपाल को आपदा के बाद पुनर्निर्माण और आधारभूत संरचना के लिए 3,500 करोड़ रुपये की अनुदान सहायता तथा ऊर्जा क्षेत्र की परियोजनाओं के लिए 11,500 करोड़ रुपये की ऋण सुविधा सहित कुल 15,000 करोड़ रुपये की विकास सहायता देने की घोषणा की है.

समझौतों को जमीन पर उतारना होगी असली चुनौती

भारत और नेपाल के बीच हुई उच्चस्तरीय वार्ता ने सहयोग के कई नए रास्ते खोले हैं. लेकिन कोसी और सीमांचल के लोगों के लिए असली महत्व इस बात का होगा कि इन फैसलों का लाभ धरातल पर कब दिखाई देता है.

सप्तकोसी परियोजना की डीपीआर, रेल संपर्क, सीमा पर जांच चौकियों और पेट्रोलियम ढांचे से जुड़ी योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए दोनों देशों की संबंधित एजेंसियों को लगातार काम करना होगा. संयुक्त बयान में परियोजनाओं की निगरानी के लिए उच्चस्तरीय निगरानी समूह को सक्रिय करने और कम से कम छह महीने में बैठक करने की व्यवस्था भी बतायी गयी है.

सुपौल के लोगों की उम्मीद है कि भारत-नेपाल के पुराने 'रोटी-बेटी' संबंध अब व्यापार, रोजगार, बेहतर संपर्क और बाढ़ प्रबंधन के रूप में भी मजबूत होंगे. दिल्ली में हुई बातचीत ने संभावनाओं का रास्ता जरूर खोला है, लेकिन इन उम्मीदों को वास्तविक विकास में बदलने के लिए समयबद्ध क्रियान्वयन सबसे जरूरी होगा.

Also Read: तिलक, हल्दी, मेहंदी... अब होगी ग्रैंड वेडिंग, अनंत सिंह की बेटी की शादी में आयेंगे 5 लाख मेहमान, 6 हेलीपैड तैयार, घुड़दौड़ भी

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन