विदेश भेजने के नाम पर लाखों की ठगी! सुपौल के वीरपुर में अवैध ट्रेवल एजेंसी पर SDM का छापा, दफ्तर सील
फोटो- एजेंसी की दफ्तर सील | Prabhat Khabar Network
वीरपुर में विदेश भेजने के नाम पर ठगी के आरोप में एसडीएम ने एक टूर एंड ट्रेवल्स ऑफिस पर छापा मारा. शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि संचालक ने कई लोगों से पैसे लिए लेकिन विदेश नहीं भेजा. जांच के बाद कार्यालय को सील कर दिया गया है.
वीरपुर (सुपौल). स्थानीय लोगों की शिकायत पर वीरपुर एसडीएम विनय कुमार ने गुरुवार दोपहर वीरपुर-बसमतिया रोड स्थित काली मंदिर के समीप एक मकान में पिछले करीब डेढ़ वर्षों से संचालित बसमतिया टूर एंड ट्रेवल्स कार्यालय में छापेमारी की. छापेमारी के दौरान बसंतपुर सीओ ब्रजेश कुमार सिंह, थानाध्यक्ष संजय दास और सशस्त्र बल के जवान मौजूद थे. शिकायतकर्ताओं ने एजेंसी के संचालक पर विदेश भेजने के नाम पर दर्जनों लोगों से रुपये लेने और समय बीतने के बाद भी न विदेश भेजने और न ही राशि लौटाने का आरोप लगाया है.
आपके शहर में
विदेश भेजने के नाम पर 50 हजार से एक लाख रुपये लेने का आरोप
सफीक आलम और जियाउल हक ने एसडीएम विनय कुमार से मामले की शिकायत की थी. शिकायत में बसमतिया टूर एंड ट्रेवल्स के प्रोपराइटर मो. आरिफ पर विदेश भेजने के नाम पर लोगों से कथित तौर पर 50 हजार से एक लाख रुपये तक लेने का आरोप लगाया गया है. शिकायतकर्ताओं के अनुसार कोचगामा पंचायत के ताकीउद्दीन, अशरफुल हक, नैयर आजम, जावेद, शमीम अख्तर, कुमरूल, अकमल हुसैन समेत दर्जनों लोगों से विदेश भेजने के नाम पर राशि ली गयी. आरोप है कि एजेंसी की ओर से दो से तीन महीने के भीतर विदेश भेजने की बात कही गयी थी, लेकिन राशि लेने के करीब एक साल बाद भी न तो संबंधित लोगों को विदेश भेजा गया और न ही उनकी रकम लौटायी गयी.

शिकायत के बाद एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर की पूछताछ
लगातार शिकायत मिलने के बाद एसडीएम विनय कुमार ने मामले की जांच के लिए संबंधित स्थल का निरीक्षण किया. मौके पर पहुंचकर उन्होंने स्थानीय लोगों से पूछताछ की. इसके अलावा रेहान ट्रेडर्स के मालिक से भी संबंधित व्यक्ति और कार्यालय के बारे में जानकारी ली गयी.
बंद मिला कार्यालय, संचालक से फोन पर हुई बात
एसडीएम जब मौके पर पहुंचे तो बसमतिया टूर एंड ट्रेवल्स कार्यालय में ताला लगा हुआ था. इसके बाद मौके से ही संचालक मो. आरिफ से मोबाइल फोन पर बात की गयी. वहीं थानाध्यक्ष संजय दास मो. आरिफ के वीरपुर वार्ड नंबर 06 स्थित आवास पर पहुंचे. पुलिस के अनुसार वहां जानकारी मिली कि आरिफ दिल्ली जा रहा है. इसके बाद एसडीएम ने संचालक से एजेंसी संचालन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने को कहा.
स्टाफ के पहुंचने पर खुला कार्यालय, मिले कंप्यूटर और कागजात
कुछ देर बाद मो. आरिफ के कार्यालय स्टाफ मौके पर पहुंचे और कार्यालय का ताला खोला गया. कार्यालय के अंदर दो कंप्यूटर सिस्टम, दो लैपटॉप समेत कई कागजात मिले. एसडीएम के निर्देश पर कंप्यूटर सिस्टम खोलकर उसकी जांच करने की बात कही गयी, लेकिन कार्यालय कर्मियों ने सिस्टम का पासवर्ड उपलब्ध नहीं होने की बात कही.
एसडीएम के निर्देश पर कार्यालय किया गया सील
मौके की स्थिति और शिकायतों को देखते हुए एसडीएम विनय कुमार ने थानाध्यक्ष संजय दास और सीओ ब्रजेश कुमार सिंह को बसमतिया टूर एंड ट्रेवल्स कार्यालय को तत्काल प्रभाव से सील करने का निर्देश दिया. एसडीएम के निर्देशानुसार थानाध्यक्ष संजय दास और बसंतपुर सीओ ब्रजेश कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से कार्यालय को सील कर दिया. मामले में कार्यालय से मिले दस्तावेजों और शिकायतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
विदेश भेजने के नाम पर ठगी के आरोपों की जांच
स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद हुई इस कार्रवाई से विदेश भेजने के नाम पर राशि लेने के आरोपों की जांच का रास्ता खुल गया है. अब कार्यालय से बरामद कागजात और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच के साथ शिकायतकर्ताओं के आरोपों की सत्यता सामने आने की उम्मीद है. पुलिस और प्रशासन की आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्ष पर निर्भर करेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए