वीरपुर में दशहरा से पहले खुलेगा मानसरोवर झील का द्वार, जल्द शुरू होगी बोटिंग

Updated:
विज्ञापन

निरीक्षण करते विधायक | Prabhat Khabar Network

वीरपुर का बहुप्रतीक्षित मानसरोवर झील दशहरे से आम जनता के लिए खुलने के लिए तैयार है. विधायक ने अधिकारियों के साथ निरीक्षण कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं. झील में बोटिंग की सुविधा भी जल्द शुरू होने की उम्मीद है, जो क्षेत्र को एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करेगा.

विज्ञापन

वीरपुर (सुपौल) : वीरपुर नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या 09 स्थित बहुप्रतीक्षित मानसरोवर झील अब जल्द ही आम लोगों के लिए खोलने की तैयारी है. इसे लेकर काम में तेजी लायी गयी है. लक्ष्य है कि दशहरा की पहली पूजा से झील का शुभारंभ कर दिया जाए. इसके साथ ही झील में बोटिंग की सुविधा शुरू करने की भी तैयारी चल रही है.

आपके शहर में

विज्ञापन

विधायक ने अधिकारियों के साथ किया निरीक्षण

पूर्व मंत्री सह छातापुर भाजपा विधायक नीरज कुमार सिंह बबलू ने मानसरोवर झील का निरीक्षण किया. इस दौरान वीरपुर एसडीओ विनय कुमार, डीएफओ आतीश कुमार और वन विभाग के कर्मियों के साथ उन्होंने झील परिसर का जायजा लिया.

विधायक ने झील के चारों ओर घूमकर अब तक हुए निर्माण और सौंदर्यीकरण कार्यों की स्थिति देखी. उन्होंने अधिकारियों से बचे हुए कार्यों की जानकारी ली और उन्हें जल्द पूरा करने का निर्देश दिया.

एक माह में शुरू करने का लक्ष्य

विधायक नीरज कुमार सिंह बबलू ने कहा कि मानसरोवर झील के निर्माण और विकास में काफी समय लगा है. अभी कुछ छोटे-मोटे काम बाकी हैं, जिन्हें जल्द पूरा कराया जाएगा. उन्होंने बताया कि एक माह के अंदर झील को शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है और दशहरा की पहली पूजा से आम लोगों के लिए इसे खोलने की तैयारी है.

उन्होंने कहा कि झील में जल्द बोटिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है. झील शुरू होने के बाद भी यहां विकास और सौंदर्यीकरण के काम लगातार जारी रहेंगे.

नेपाल से भी पर्यटकों को आकर्षित करने की योजना

विधायक ने कहा कि मानसरोवर झील को आने वाले समय में एक बड़े पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना है. ऐसी सुविधाएं विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे वीरपुर और आसपास के लोग ही नहीं, बल्कि पड़ोसी देश नेपाल से भी पर्यटक यहां पहुंचें और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लें.

उन्होंने कहा कि वीरपुर को स्वच्छ, सुंदर और आकर्षक शहर के रूप में विकसित करने के प्रयास जारी हैं. मानसरोवर झील के विकसित होने से वीरपुर को पर्यटन के नक्शे पर नयी पहचान मिलने की उम्मीद है.

पर्यटन के साथ रोजगार की भी उम्मीद

मानसरोवर झील के शुरू होने से लोगों को मनोरंजन का नया विकल्प मिलने के साथ पर्यटन गतिविधियों के विस्तार की उम्मीद है. इसके जरिए स्थानीय स्तर पर रोजगार के नये अवसर भी पैदा हो सकते हैं.

निरीक्षण के दौरान रेंजर अजय कुमार, फॉरेस्टर रविरंजन, वनकर्मी चंदन कुमार समेत विधायक के साथ आये कार्यकर्ता और वन विभाग के अन्य कर्मी मौजूद रहे.

सुपौल की खबरों को पढ़ने के लिये यहां क्लिक करें

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन