वीरपुर में दो कंप्यूटर दुकानों की जांच, अवैध आधार बनाने पर दुकान सील करने की चेतावनी
फोटो - आधार सेंटर और अन्य दुकानों की जांच करते बीडीओ और थानाध्यक्ष | Prabhat Khabar Network
वीरपुर में अवैध आधार कार्ड बनाने और सुधार करने वाली कंप्यूटर दुकानों पर प्रशासन ने छापा मारा है. अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि बिना अनुमति के ऐसे काम करने पर कड़ी कार्रवाई होगी, जिसमें दुकान सील भी की जा सकती है.
सुपौल, वीरपुर. भारत-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र वीरपुर में गुरुवार को बसंतपुर बीडीओ सुजीत मिश्रा और वीरपुर थानाध्यक्ष संजय दास ने संयुक्त रूप से विभिन्न कंप्यूटर दुकानों की जांच की. इस दौरान अधिकारियों ने दुकानों में मौजूद दस्तावेजों और कंप्यूटर सिस्टम की सघन जांच की. साथ ही दुकान संचालकों को आधार से जुड़े कार्यों को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए.
अवैध आधार बनाने और सुधार की शिकायत पर हुई जांच
बसंतपुर बीडीओ सुजीत मिश्रा ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ कंप्यूटर दुकानों में अवैध रूप से आधार कार्ड बनाने और उसमें सुधार का कार्य किया जा रहा है. शिकायतों के आधार पर वीरपुर की दो कंप्यूटर दुकानों की जांच की गयी.
बिना अनुमति आधार संबंधी काम करने पर होगी कार्रवाई
अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिया कि बिना अधिकृत अनुमति के आधार से संबंधित किसी भी प्रकार का कार्य नहीं किया जाए. बीडीओ ने कहा कि यदि किसी दुकान में अवैध रूप से आधार कार्ड बनाने या उसमें सुधार का कार्य करते हुए पाया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. जरूरत पड़ने पर दुकान को सील करने की कार्रवाई भी की जा सकती है.
सीमावर्ती क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर नजर
बीडीओ सुजीत मिश्रा ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों पर प्रशासन की पैनी नजर है. उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले दिनों में भी कंप्यूटर दुकानों समेत अन्य संदिग्ध गतिविधियों की जांच और छापेमारी जारी रहेगी. प्रशासन का उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्र में नियमों का पालन सुनिश्चित करना और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाना है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए