कोसी-सीमांचल-मिथिला को मिली दो होली स्पेशल ट्रेनों की सौगात

रेलवे के इस फैसले से क्षेत्र में उत्साह का माहौल है
राघोपुर. होली पर्व को लेकर रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है. भारतीय रेलवे ने फारबिसगंज, ललितग्राम, राघोपुर, सरायगढ़ और निर्मली जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों से होकर दो प्रमुख होली स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की घोषणा की है. इससे कोसी, सीमांचल और मिथिला क्षेत्र के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा और रेल कनेक्टिविटी व अधिक मजबूत होगी. रेलवे द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार डिब्रूगढ़-झंझारपुर होली स्पेशल (05974/73) कुल 07 ट्रिप चलेगी. गाड़ी संख्या 05974 प्रत्येक मंगलवार 17 फरवरी से 31 मार्च के बीच डिब्रूगढ़ से सुबह 05:20 बजे प्रस्थान करेगी. गुवाहाटी, सिलीगुड़ी, फारबिसगंज, ललितग्राम, राघोपुर, सरायगढ़ एवं निर्मली होते हुए अगले दिन सुबह 11:30 बजे झंझारपुर पहुंचेगी. वापसी में गाड़ी संख्या 05973 प्रत्येक बुधवार 18 फरवरी से 01 अप्रैल तक झंझारपुर से दोपहर 01:00 बजे प्रस्थान कर अगले दिन रात 08:20 बजे डिब्रूगढ़ पहुंचेगी. इस सेवा के शुरू होने से पहली बार कोसी क्षेत्र को असम से सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी. वहीं कटिहार-अमृतसर होली स्पेशल (05736/35) कुल 6 ट्रिप चलेगी. गाड़ी संख्या 05736 प्रत्येक बुधवार 18 फरवरी से 25 मार्च के बीच कटिहार से रात 09:00 बजे प्रस्थान कर शुक्रवार सुबह 09:45 बजे अमृतसर पहुंचेगी. वापसी में गाड़ी संख्या 05735 प्रत्येक शुक्रवार 20 फरवरी से 27 मार्च तक अमृतसर से दोपहर 01:25 बजे प्रस्थान कर शनिवार रात 11:45 बजे कटिहार पहुंचेगी. होली के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए इन ट्रेनों का परिचालन क्षेत्र के लिए विशेष सौगात माना जा रहा है. पंजाब और असम की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को सीधी सुविधा मिलने से समय और खर्च दोनों की बचत होगी. रेलवे के इस फैसले से क्षेत्र में उत्साह का माहौल है. लोगों ने रेल प्रशासन के प्रति आभार जताया है.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




