30 साल से ऊपर वालों के लिए बड़ी खबर, सुपौल में घर-घर पहुंचेगी स्वास्थ्य टीम, 30 नवंबर तक चलेगा जांच अभियान
कार्यक्रम में डीएम, मुख्य पार्षद व अन्य | Prabhat Khabar Network
सुपौल में 30 साल से अधिक उम्र के लोगों के लिए स्वास्थ्य विभाग ने एक बड़ा अभियान शुरू किया है. 'जांच एवं उपचार चिकित्सा आपके द्वार' अभियान के तहत गैर-संचारी रोगों की पहचान और उपचार के लिए स्वास्थ्य टीमें घर-घर पहुंचेंगी. यह अभियान 30 नवंबर 2026 तक चलेगा.
Supaul Health News: अगर आपकी उम्र 30 साल से अधिक है, तो स्वास्थ्य को लेकर लापरवाही भारी पड़ सकती है. जिले में गैर-संचारी रोगों की समय पर पहचान, जांच और उपचार के लिए बुधवार से विशेष स्वास्थ्य अभियान शुरू किया गया है. ‘जांच एवं उपचार चिकित्सा आपके द्वार’ नाम से शुरू हुआ यह अभियान 30 नवंबर 2026 तक चलेगा. इसके तहत लोगों को उच्च रक्तचाप, मधुमेह, कैंसर समेत कई गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक करने के साथ उनकी स्क्रीनिंग और उपचार की व्यवस्था पर जोर दिया जा रहा है.
आपके शहर में
अभियान की शुरुआत सदर अस्पताल सुपौल, अनुमंडल अस्पताल वीरपुर, निर्मली एवं त्रिवेणीगंज तथा रेफरल अस्पताल राघोपुर में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर की गयी. कार्यक्रमों में लोगों को गैर-संचारी रोगों से बचाव और समय पर जांच कराने के प्रति जागरूक किया गया.
स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य ऐसे रोगों की पहचान शुरुआती स्तर पर करना है, ताकि संभावित मरीजों को समय रहते चिकित्सकीय परामर्श और उपचार मिल सके. विभाग का मानना है कि गैर-संचारी रोगों का समय पर पता चलने से इनके गंभीर प्रभाव को कम करने में मदद मिल सकती है.
30 साल से अधिक उम्र वालों की होगी खास जांच
अभियान के दौरान 30 वर्ष से अधिक आयु के लोगों की विशेष रूप से उच्च रक्तचाप, मधुमेह, अस्थमा और फैटी लिवर जैसी बीमारियों के लिए जांच की गयी. स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को बीमारी के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने की सलाह दी. किसी तरह की परेशानी होने पर समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए भी प्रेरित किया गया.
इस अभियान में उच्च रक्तचाप और मधुमेह के अलावा ओरल कैंसर, ब्रेस्ट कैंसर, सर्वाइकल कैंसर, अस्थमा, नॉन-अल्कोहलिक फैटी लिवर डिजीज और हृदय संबंधी रोगों की रोकथाम, जांच एवं उपचार पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है.
आशा कार्यकर्ताओं की भी अहम भूमिका
अभियान को लोगों तक पहुंचाने में आशा कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका तय की गयी है. उनके माध्यम से सीबीएसी यानी सामुदायिक आधारित मूल्यांकन चेकलिस्ट और आहार संबंधी चेकलिस्ट भरवायी जा रही है. इसके साथ लोगों को संतुलित आहार, नियमित शारीरिक गतिविधि और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक किया जा रहा है.
स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य अधिक से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग करना है, ताकि संभावित रोगियों की पहचान समय रहते की जा सके. इससे बीमारी के गंभीर होने से पहले उपचार की दिशा में कदम उठाया जा सकेगा.
Supaul Health News: राज्य स्तर पर शुरू हुए अभियान का हिस्सा
‘जांच एवं उपचार चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान राज्यव्यापी स्वास्थ्य अभियान के तहत शुरू किया गया है. यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री बिहार सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव एवं विजय कुमार चौधरी तथा स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य स्तर पर शुरू किए गए स्वास्थ्य संबंधी प्रयासों के क्रम में आयोजित किया गया.
सदर अस्पताल सुपौल में आयोजित कार्यक्रम में नगर परिषद सुपौल के मुख्य पार्षद राघवेन्द्र झा, जिलाधिकारी सावन कुमार, सिविल सर्जन डॉ बाबु साहेब झा, डॉ आनंद शंकर प्रसाद सिन्हा, एसीएमओ डॉ ममता कुमारी, एनसीडीओ बाल कृष्ण चौधरी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक शशिभूषण प्रसाद, जिला अनुश्रवण एवं मूल्यांकन पदाधिकारी अभिनव आनंद, अस्पताल प्रबंधक डॉ अलका कुमारी, एफएलए निरंजन कुमार, डाटा ऑपरेटर अतुल आनंद, डीईओ रंजीत कुमार जायसवाल, एएनएम अर्चना कुमारी सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे.
जिले में यह विशेष स्वास्थ्य अभियान 30 नवंबर तक जारी रहेगा. इस दौरान अधिक से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग कर गैर-संचारी रोगों की समय पर पहचान और उपचार सुनिश्चित करने पर स्वास्थ्य विभाग का फोकस रहेगा.
Also Read: “बाप रे! सब कुछ बह गया…”, नेपाल बाढ़ त्रासदी से भटककर मुजफ्फरपुर पहुंची डरी-सहमी महिला
Also Read: बिहार में बढ़ रहा बाढ़ का खतरा, गंगा-गंडक के बाद सोन भी उफनाई, 56 गेट खुले, कई इलाकों में तबाही
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए