सुपौल में दिनदहाड़े बकरी व्यापारियों से 35 हजार की लूट, विरोध करने पर मारी गोली : बदमाश फरार
अस्पताल में जख्मी से पूछताछ करते एसडीपीओ दिलीप कुमार | Prabhat Khabar Network
जदिया-त्रिवेणीगंज मार्ग पर दिनदहाड़े हुई लूट और गोलीबारी की घटना से सनसनी फैल गई. अपराधियों ने बकरी व्यापारियों से ₹35 हजार लूट लिए और विरोध करने पर एक को गोली मार दी. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
जदिया (सुपौल). जदिया-त्रिवेणीगंज मुख्य मार्ग पर शनिवार की सुबह अपराधियों ने दिनदहाड़े बकरी व्यापारियों को निशाना बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया. तमकुलहा पुल के समीप पल्सर बाइक पर सवार तीन हथियारबंद बदमाशों ने दो सगे भाइयों की बाइक ओवरटेक कर रुकवायी और हथियार के बल पर 35 हजार रुपये लूट लिये. लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने बकरी व्यापारी सोनू खां को गोली मारकर जख्मी कर दिया और हथियार लहराते हुए फरार हो गये.
बकरी बेचकर लौट रहे थे दोनों भाई
जानकारी के अनुसार, मधेपुरा जिले के कुमारखंड थाना क्षेत्र के शिवपुर गढ़िया वार्ड नंबर-7 निवासी सोनू खां अपने भाई मो. खुर्शीद के साथ त्रिवेणीगंज के बघला शनिश्चर हाट में बकरी बेचकर बाइक से घर लौट रहे थे.
दोनों जैसे ही तमकुलहा पुल के पास पहुंचे, पीछे से पल्सर बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक कर उनकी बाइक रोक दी. इसके बाद अपराधियों ने हथियार तानकर रुपये निकालने को कहा.
बदमाशों ने मो. खुर्शीद से 5 हजार रुपये और सोनू खां से 30 हजार रुपये लूट लिये.
विरोध करने पर व्यापारी को मारी गोली
लूट के दौरान सोनू खां ने विरोध किया तो बदमाशों ने उसे गोली मार दी. गोली लगते ही सोनू सड़क पर गिर पड़ा. इसके बाद तीनों अपराधी मौके से फरार हो गये.
दिनदहाड़े मुख्य मार्ग पर गोली चलने और लूट की घटना से कुछ देर के लिए अफरातफरी की स्थिति बन गयी. घटना के बाद बकरी कारोबारियों और राहगीरों में भी दहशत का माहौल है.
अस्पताल में चल रहा इलाज, खतरे से बाहर
घटना के बाद घायल सोनू खां को तत्काल त्रिवेणीगंज अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. चिकित्सकों ने उसकी स्थिति खतरे से बाहर बतायी है.
घटना की सूचना मिलते ही जदिया पुलिस मौके पर पहुंची और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
अपराधियों की पहचान के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. इसके अलावा बदमाशों के भागने वाले संभावित रास्तों पर भी नजर रखी जा रही है.
एक ही बाइक पर सवार तीन हथियारबंद अपराधियों द्वारा मुख्य मार्ग पर दिनदहाड़े लूट और गोलीबारी की घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिये हैं. पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए