विज्ञान, प्रतिभा और नवाचार का मना उत्सव

अभियंत्रण महाविद्यालय में हर्षोल्लास व गरिमामयी वातावरण में मनाया गया राष्ट्रीय विज्ञान दिवस
अभियंत्रण महाविद्यालय में हर्षोल्लास व गरिमामयी वातावरण में मनाया गया राष्ट्रीय विज्ञान दिवस सुपौल. सुपौल अभियंत्रण महाविद्यालय में शनिवार को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामयी वातावरण में मनाया गया. यह आयोजन महान वैज्ञानिक सर सीवी रमन द्वारा रमन प्रभाव की खोज की स्मृति व उनके जन्म दिवस के अवसर पर किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा और नवाचार की भावना को प्रोत्साहित करना रहा. कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई. उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में डीपीओ मो महताब रहमानी ने कहा कि विज्ञान केवल पुस्तकों तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह सोचने, समझने और समस्याओं का समाधान खोजने की प्रक्रिया है. उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, वैज्ञानिक सोच और नवाचार को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया. प्राचार्य डॉ अच्युता नंद मिश्रा ने आयोजन समिति के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धात्मक भावना के साथ-साथ वैज्ञानिक चेतना को भी मजबूत करते है. राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर “सर सीवी रमन टैलेंट सर्च टेस्ट इन साइंस 2025-26 के अंतर्गत चयनित मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया. सुपौल जिले के कक्षा 6 से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित ऑनलाइन प्रतियोगिता परीक्षा में तृतीय से दशम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को महाविद्यालय परिसर में सम्मान प्रदान किया गया. तृतीय, चतुर्थ एवं पंचम स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार राशि के साथ मेडल प्रदान किए गए, जबकि छठे से दशम स्थान तक स्थान पाने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया. कार्यक्रम के शैक्षणिक पक्ष को और सशक्त बनाने के लिए विज्ञान विषय पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया. साथ ही छात्र-छात्राओं को महाविद्यालय की विभिन्न प्रयोगशालाओं का भ्रमण कराया गया, जहां उन्हें आधुनिक उपकरणों, प्रयोगों की कार्यप्रणाली तथा तकनीकी उपयोग की जानकारी दी गई. इस प्रयोगशाला भ्रमण से विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि और तकनीकी समझ विकसित होती दिखी. आयोजन की सफलता में आयोजन समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रही. इस मौके पर डॉ चन्दन कुमार, गोपाल कृष्ण, नंदन कुमार राजू, गौरव कुमार, डॉ विजय कुमार मंडल आदि मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




