पिपरा में गणेशोत्सव की तैयारियां तेज, जानें इस बार मेले में क्या रहेगा खास
फोटो- बैठक करते समिति के सदस्य । | Prabhat Khabar Network
सुपौल के पिपरा में श्री गणेश पूजा समिति ने आगामी गणेशोत्सव की जोरदार तैयारियां शुरू कर दी हैं। 15 सितंबर से शुरू होने वाले पांच दिवसीय भव्य महोत्सव में भजन संध्या, जागरण, कॉमेडी नाइट और महाआरती का आयोजन होगा।
सुपौल, पिपरा. आगामी श्री गणेश पूजनोत्सव को लेकर श्री गणेश पूजा समिति, युवा क्लब की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार की संध्या गांधी क्लब पिपरा में आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता पूर्व प्रधानाचार्य बद्री नारायण गुप्ता ने की. बैठक में 15 सितंबर से शुरू होने वाले पांच दिवसीय भव्य श्री गणेश महोत्सव की तैयारियों, पूर्व वर्ष के आय-व्यय के लेखा-जोखा और आगामी बजट पर विस्तार से चर्चा की गयी. पूजा पंडाल, विद्युत सज्जा, सुरक्षा व्यवस्था, प्रसाद वितरण और मेले के आकर्षणों को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया.
आपके शहर में
पांच दिवसीय धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की बनी रूपरेखा
बैठक में श्री गणेश महोत्सव के दौरान आयोजित होने वाले धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गयी. समिति की ओर से विभिन्न दिनों में भजन संध्या, जागरण, सांस्कृतिक कार्यक्रम और महाआरती का आयोजन किया जाएगा. 15 सितंबर को भजन संध्या के साथ पूजा का विधिवत शुभारंभ होगा. 16 सितंबर को कलकतिया वाली नाइट शो का आयोजन किया जाएगा. 17 सितंबर को बिहार की सुप्रसिद्ध भजन मंडली की ओर से भव्य जागरण होगा. 18 सितंबर को रामलाल कॉमेडी नाइट शो आयोजित किया जाएगा. वहीं 19 सितंबर को महाआरती के साथ भव्य 56 भोग का आयोजन किया जाएगा.
20 सितंबर को निकलेगी भव्य शोभायात्रा, होगा प्रतिमा विसर्जन
महोत्सव के समापन के अवसर पर 20 सितंबर को दोपहर तीन बजे से विनोबा मैदान से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी. शोभायात्रा पिपरा बाजार के मुख्य मार्गों से होते हुए निर्धारित स्थल तक पहुंचेगी, जिसके बाद श्री गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा.
मेले में बच्चों और परिवारों के लिए रहेंगे कई आकर्षण
गणेश महोत्सव के दौरान आयोजित होने वाले मेले में बच्चों और परिवारों के मनोरंजन के लिए कई आकर्षण रहेंगे. ब्रेक डांस, ड्रैगन ट्रेन, टावर झूला, चांद तारा, घोड़ा झूला, कार झूला, मिक्की माउस और जादूगर के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इसके अलावा मीना बाजार भी मेले का प्रमुख आकर्षण रहेगा. समिति के सदस्यों ने बताया कि महोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं और दर्शकों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा.
समिति के पदाधिकारियों को सौंपी गयी जिम्मेदारियां
बैठक में पूर्व कमिटी में कुछ बदलाव करते हुए सर्वसम्मति से पदाधिकारियों और सदस्यों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गयीं. सुनील कुमार उर्फ भंटू को संयोजक, दीपक कुमार गुप्ता को अध्यक्ष, विश्वजीत कुमार उर्फ दिलखुश को सचिव और रूपेश कुमार सहनी को कोषाध्यक्ष बनाया गया. विनोद कुमार साह, जितेंद्र कुमार गुप्ता उर्फ बंटी, अमरजीत कुमार किट्टू और ऋतिक राज को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गयी. आशीष कुमार गुप्ता को मीडिया प्रभारी और अमित कुमार टिंकू को सोशल मीडिया प्रभारी बनाया गया.
बैठक में युवा क्लब के सदस्य और गणमान्य लोग रहे मौजूद
बैठक में रामनाथ प्रसाद गुप्ता, रामचन्द्र चौधरी, कमलनाथ झा इंदू, शिव शंकर झा उर्फ बूच्चन झा, शंकर प्रसाद चौधरी, उमेश प्रसाद गुप्ता, बसंत गुप्ता, अंगद चौधरी, राजकुमार पोद्दार, गोपाल गुप्ता उर्फ मुन्ना गुप्ता, तेज नारायण साह, मनोज दे, नवीन गुप्ता, शंभू रतन, शंभू गुप्ता और अरविंद गुप्ता सहित युवा क्लब के कई सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए