चंदन लगाकर परीक्षार्थियों का हुआ स्वागत

बिहार बोर्ड परीक्षा के पहले दिन सुपौल में दिखा आत्मबल बढ़ाने वाला दृश्य
– बिहार बोर्ड परीक्षा के पहले दिन सुपौल में दिखा आत्मबल बढ़ाने वाला दृश्य सुपौल. सुपौल उच्च माध्यमिक विद्यालय में बिहार बोर्ड परीक्षा के पहले दिन मंगलवार को एक प्रेरणादायक और सकारात्मक माहौल देखने को मिला. परीक्षा केंद्र पर पहुंचने वाले परीक्षार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से जिला शिक्षा पदाधिकारी संग्राम सिंह, विद्यालय प्रधान अजय कुमार सहित अन्य पदाधिकारियों ने अनूठी पहल की. अधिकारियों ने परीक्षार्थियों के माथे पर चंदन लगाकर उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश कराया. वहीं सफलता के लिए शुभकामनाएं दी. इस मानवीय और उत्साहवर्धक पहल का असर परीक्षार्थियों के चेहरों पर साफ नजर आया. परीक्षा से पहले जहां आमतौर पर तनाव और घबराहट दिखाई देती है, वहीं चंदन लगवाने के बाद छात्रों के चेहरे पर मुस्कान और आत्मविश्वास झलकता दिखा. परीक्षा केंद्र के बाहर मौजूद अभिभावकों ने भी इस पहल की खुले दिल से सराहना की. अभिभावकों का कहना था कि प्रशासन का यह व्यवहार बच्चों को मानसिक रूप से मजबूत करता है. सकारात्मक सोच के साथ परीक्षा देने के लिए प्रेरित करता है. उन्होंने इसे एक अनुकरणीय परंपरा बताते हुए अन्य परीक्षा केंद्रों पर भी लागू करने की मांग की. पदाधिकारियों ने बताया कि परीक्षा केवल ज्ञान की नहीं, बल्कि मानसिक संतुलन और आत्मविश्वास की भी परीक्षा होती है. ऐसे में विद्यार्थियों को डरमुक्त और सहज वातावरण देना प्रशासन की जिम्मेदारी है. गौरतलब है कि बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित इस महत्वपूर्ण परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. कदाचारमुक्त परीक्षा के साथ-साथ छात्रों के हितों का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है. परीक्षा केंद्रों का अपर समाहर्ता ने किया औचक निरीक्षण फोटो – 02 कैप्सन – जांच करते एडीएम सुपौल. जिला में मैट्रिक परीक्षा 2026 को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है. इसी क्रम में मंगलवार को मैट्रिक परीक्षा के पहले दिन अपर समाहर्ता सच्चिदानंद सुमन द्वारा परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया. अपर समाहर्ता ने राजकीयकृत बबुजन विशेश्वर बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय एवं सुपौल उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित मैट्रिक परीक्षा 2026 की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया. इसमें परीक्षार्थियों की उपस्थिति, प्रश्नपत्रों का सुरक्षित एवं समयबद्ध वितरण, वीक्षकों की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था, नियंत्रण कक्ष की कार्यप्रणाली, स्वच्छता, पेयजल एवं शौचालय की उपलब्धता एवं विधि-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की. निरीक्षण के क्रम में दोनों परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संचालित पाई गई.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




