बाजार पर चढ़ने लगा होली का रंग, रंगों व पिचकारियों की सज गयी दुकान
Published by :Prabhat Khabar Digital Desk
Published at :19 Mar 2019 7:08 AM (IST)
विज्ञापन

सुपौल : हर्ष और उल्लास का पर्व होली का रंग और उमंग बाजार पर चढ़ने लगा है. रंग-बिरंगी पिचकारियां एवं रंग-गुलाल की दुकानें सज चुकी है. जहां तरह-तरह के आकर्षक एवं आधुनिक पिचकारियां, टोपी, मास्क व अन्य सामग्रियां मौजूद है. युवा व बच्चे विशेष रूप से इन दुकानों की ओर आकर्षित हो रहे हैं. समय […]
विज्ञापन
सुपौल : हर्ष और उल्लास का पर्व होली का रंग और उमंग बाजार पर चढ़ने लगा है. रंग-बिरंगी पिचकारियां एवं रंग-गुलाल की दुकानें सज चुकी है. जहां तरह-तरह के आकर्षक एवं आधुनिक पिचकारियां, टोपी, मास्क व अन्य सामग्रियां मौजूद है. युवा व बच्चे विशेष रूप से इन दुकानों की ओर आकर्षित हो रहे हैं.
समय के साथ रंग व गुलाल की क्वालिटी में भी बदलाव आया है. हर्बल रंग एवं गुलाल की खासी डिमांड है. इधर होली को लेकर आम व खास भी धीरे-धीरे होलियाने लगे हैं. बाजार में होली के गीत बजने शुरू हो गये हैं. होली खेले रघुवीरा, ब्रज में होली खेले रघुवीरा, होली आई रे कन्हाई रंग भर दे, बजा दे जरा बांसुरिया…
जैसे गीतों से माहौल होलीमय होता जा रहा है. हालांकि लोकसभा चुनाव को लेकर लागू आचार संहिता का असर होली पर भी दिख रहा है. अन्य वर्षों में जहां होली के मौके पर बाजार में लालू व मोदी जैसे राजनेताओं के मास्क व खास टोपियां बाजार में सजी होती थी, इस वर्ष आचार संहिता के कारण बाजार से राजनीति से जुड़ी होली की सामग्रियां बिल्कुल नदारत है.
फायरमेन पिचकारी की है डिमांड: होली को लेकर तरह-तरह की पिचकारियों से बाजार सज चुका है. इनमें खिलौना पिचकारी, फोम पिचकारी, मशीनगन, फायरमेन, डोरेमन पिचकारी, बंदूक पिचकारी समेत कई आधुनिक पिचकारियां शामिल हैं.
दुकानदार मिंटू कुमार बताते हैं कि इनमें फायरमेन और मशीनगन पिचकारी की सबसे ज्यादा डिमांड है. अग्निशामक दल के फायरमेन की तरह पीठ पर रंग का टैंक बांधने वाली यह पिचकारी युवाओं को विशेष रूप से आकर्षित कर रही है. वहीं मशीनगन पिचकारी बच्चों को खूब लुभा रहा है.
रंग-बिरंगी टोपियों का बढ़ा चलन: होली के मौके पर गत कुछ वर्षों से रंग-गुलाल के साथ तरह-तरह की टोपियों का फैसन भी परवान चढ़ रहा है. बाजार में इस बार पठानी टोपी, कश्मीरी टोपी, मलिंगा टोपी, सेलिब्रेसन टोपी व जूट की टोपियां उपलब्ध है. इनमें मलिंगा टोपी की विशेष मांग बतायी जा रही है.
मास्क पहन कर भूत बन रहे युवा: होली के अवसर पर तरह तरह के मास्क भी बाजार में बिक रहे हैं. इनमें भूत का मास्क युवाओं में खासा लोकप्रिय है. वहीं जोकर, क्रिस, स्पाइडर मैन, विलेन, छोटा भीम व कार्टून मास्क की भी जम कर बिक्री हो रही है. मास्क पहन कर क्रेजी होते बच्चों की खुशी देखते ही बनती है.
मलिंगा बनने की बढ़ी है हनक
रंगों के त्योहार होली में रंग-बिरंगे बालों की भी इस बार जम कर बिक्री हो रही है. इनमें मलिंगा बाल की सर्वाधिक मांग बतायी जा रही है. वहीं बिल्ली, मुर्गा, भालू, शेर व सतरंगी बाल भी बाजार में मौजूद हैं. जिसकी कीमत करीब 100 से 200 रुपये के बीच है.
होली स्पेशल चश्मे की है अधिक मांग
बाजार में इस बार होली स्पेशल चश्मा भी बिक रहा है. 20 से 70 रूपये की कीमत में बिकने वाले चॉकलेट, दिल व अनेकों आकार के फ्रेम वाले ये चश्मे युवाओं में खासा लोकप्रिय बनता जा रहा है.
वहीं हैप्पी होली स्पेशल टी-शर्ट भी नौजवानों को विशेष रूप से लुभा रहा है और वे इसकी खरीदारी भी कर रहे हैं. हैप्पी होली टी-शर्ट, मलिंगा टोपी, दिल के आकार का चश्मा व सुनहरे बाल लगाये नौजवान होली के जश्न में अभी से सराबोर हो रहे हैं.
सिल्वर कलर का है फैशन
यूं तो होली के मौके पर बाजार में तरह-तरह के रंग व गुलाल बिक रहे हैं. लेकिन फैशन के इस दौर में गोल्डेन, सिल्वर व चमकीले कलर के फेस पाउडर की सबसे ज्यादा बिक्री हो रही है. बच्चे व युवा स्प्रे कलर को भी तरजीह दे रहे हैं. बताते हैं कि ये रंग जितने चटक होते हैं, उतनी आसानी से ही धुल भी जाते हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




