सुपौल : एक को पुलिस ने लिया हिरासत में, दो लोगों से की पूछताछ

Updated at : 08 Nov 2018 5:46 AM (IST)
विज्ञापन
सुपौल : एक को पुलिस ने लिया हिरासत में, दो लोगों से की पूछताछ

सुपौल : सदर थाना क्षेत्र के ग्रामीण इलाके में जाली नोट के कारोबार की सूचना ने आमलोगों के साथ ही प्रशासन को भी हैरत में डाल दिया है. मामला जगतपुर गांव का है. जहां जाली नोट के प्रचलन किये जाने की बात सामने आने के बाद मंगलवार की सुबह ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो […]

विज्ञापन
सुपौल : सदर थाना क्षेत्र के ग्रामीण इलाके में जाली नोट के कारोबार की सूचना ने आमलोगों के साथ ही प्रशासन को भी हैरत में डाल दिया है. मामला जगतपुर गांव का है. जहां जाली नोट के प्रचलन किये जाने की बात सामने आने के बाद मंगलवार की सुबह ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गयी.
बताया गया कि सोमवार की रात आजाद चौक स्थित विभिन्न दुकानों में कई युवकों द्वारा जाली नोट का प्रयोग किया गया था. यह सनसनीखेज मामला तब प्रकाश में आया जब मंगलवार की सुबह दुकान मालिक विनोद पासी ने अपना दुकान खोला तो सामान लेने एक ग्राहक पहुंचा. सामान देने के बाद जब ग्राहक से पैसा लेकर गल्ले में रख रहा था तो उसकी नजर 100 रुपये के जाली नोट पर पड़ी.
अचानक उन्हें याद आया कि सोमवार की शाम बरूआरी गांव निवासी बंटी झा, संतोष मुखिया तथा कैंप टोला बरैल मिलिक निवासी मो छोटू मियां एवं कामदेव यादव ने मिल कर दुकान से अलग-अलग तरीके से रूपये देकर सामानों की खरीदारी की थी. इसके बाद दुकानदार श्री पासी ने अपने गल्ले में जाली 100 रुपये की नोट देख कर इसकी सूचना आजाद चौक स्थित अन्य दुकानदारों को दी.
जिसके बाद दुकानदार अरविंद पासी, रूना देवी, देवेंद्र महतो, पंकज कुमार ठाकुर एवं हीरा मंडल ने भी उनके बातों की पुष्टि करते कहा कि उन युवक द्वारा उन सभी के दुकान से भी 100 रुपये की जाली नोट से खरीदारी की थी. जिसके बाद सभी दुकानदारों ने युवकों द्वारा दिये गये 100 रुपये के नोट को देखा तो सभी अचंभित रह गये.
आजाद चौक पर लगी रही भीड़
जाली नोट मिलने की सूचना से आजाद चौक पर काफी उथल-पुथल सी मच गयी तथा धीरे-धीरे बात आसपास के गांवों में फैल गयी. जहां आसपास के लोगों की भारी भीड़ वहां जमा हो गयी. मामला स्पष्ट होने के बाद दुकान मालिक डीह टोला निवासी रूना देवी ने बताया कि रात करीब 11 बजे संतोष मुखिया ने दुकान खुलवा कर ठंडा सहित अन्य सामान लेने के बावजूद भी दुकान खुला रखने की बात कहा था.
जिस पर रूना देवी ने मना किया तो संतोष मुखिया ने उसे धमकी भी दे डाली. वहीं सैलून संचालक पंकज कुमार ठाकुर ने सोमवार की शाम में आरोपित द्वारा बाल-दाढ़ी बनाने के बाद 100 रुपये का नोट दिया गया था. जिसके बाद उसके द्वारा 20 रुपया लौटा दिया गया था. नाश्ता दुकानदार हीरा मंडल ने भी आरोपियों के द्वारा नाश्ता करने के बाद 100 रुपये का जाली नोट देने की शिकायत की है.
घटना को लेकर पीड़ित दुकानदारों ने बताया कि करीब प्रतिदिन शाम ढलते ही इन सभी के साथ-साथ इनके अज्ञात साथियों के द्वारा बेवजह आजाद चौक एवं महादलित टोला चौवट्टी चौक के समीप जमावड़ा लगाया जाता है. कुछ कहने पर गाली-गलौज भी दी जाती है. इन सब घटना को लेकर आजाद चौक एवं आसपास के लोग डरे-सहमे रहते हैं. मामले को लेकर दुकानदारों ने सदर थाना में आवेदन समर्पित कर उक्त लोगों पर कार्रवाई की मांग किया है.
डीएसपी व थानाध्यक्ष ने लिया जायजा
घटना की जानकारी पुलिस को देने के बाद मौके पर डीएसपी विद्यासागर एवं थानाध्यक्ष वासुदेव राय सहित अन्य पुलिस कर्मी पहुंचे तो सभी दुकानदारों से 100 रुपये के 12 जाली नोट अपने कब्जे में लिया.
साथ ही आरोपित बंटी झा एवं संतोष मुखिया के घर पहुंच कर पूछताछ की. इस क्रम में एक युवक को पूछताछ के लिये सदर थाना लाया गया. पुलिस घटना को लेकर अनुसंधान में जुट गयी है. डीएसपी विद्यासागर ने बताया कि शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन