सीवान: 15 दिनों से बिजली गुल, फूटा ग्रामीणों का गुस्सा; सड़क जाम कर आगजनी, 24 घंटे का अल्टीमेटम
फ़ोटो. प्रदर्शन करते लोग | Prabhat Khabar Network
सीवान के पचरुखी में 15 दिनों से बिजली न आने से परेशान ग्रामीणों ने सीवान-बड़हरिया मुख्य मार्ग को जाम कर विद्युत विभाग के खिलाफ अपना आक्रोश जताया।
Siwan News : पचरुखी प्रखंड क्षेत्र के झुनापुर गांव में करीब 15 दिनों से विद्युत आपूर्ति बाधित रहने से आक्रोशित ग्रामीणों ने मंगलवार को सीवान-बड़हरिया मुख्य मार्ग जाम कर दिया. दोपहर करीब 12 बजे बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए और विद्युत विभाग के खिलाफ विरोध जताते हुए जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की. प्रदर्शन के दौरान आगजनी भी की गयी. सड़क जाम होने से मुख्य मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा.
जेई और लाइनमैन पर फोन नहीं उठाने का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि करीब 15 दिनों से गांव की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है. समस्या की शिकायत के लिए महाराजगंज और पचरुखी स्थित विद्युत कार्यालय में कई बार फोन किया गया, लेकिन जेई और लाइनमैन ने फोन नहीं उठाया. काफी प्रयास के बाद संपर्क होने पर भी समस्या के समाधान को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की गयी.
पुराना ट्रांसफार्मर लगाया, दो दिन बाद ही जल गया
ग्रामीणों ने बताया कि पांच दिन पूर्व अधिकारियों ने सीवान में मेला होने की बात कहकर बिजली समस्या के समाधान में समय टाल दिया था. इसके बाद दो दिन पूर्व गांव में एक पुराना ट्रांसफार्मर लगाया गया, लेकिन सोमवार को वह भी जल गया. इसके बाद गांव की विद्युत आपूर्ति एक बार फिर पूरी तरह ठप हो गयी.
विद्युत कार्यालय पहुंचने पर भी नहीं मिला समाधान
मंगलवार को करीब सौ की संख्या में ग्रामीण पचरुखी विद्युत कार्यालय पहुंचे. ग्रामीणों के अनुसार, वहां संबंधित अधिकारी मौजूद नहीं थे और समस्या के समाधान को लेकर कोई संतोषजनक जवाब भी नहीं मिला. इससे नाराज ग्रामीण वापस झुनापुर लौटे और सीवान-बड़हरिया मुख्य मार्ग को जाम कर दिया.
24 घंटे का अल्टीमेटम, आंदोलन तेज करने की चेतावनी
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से तत्काल नया ट्रांसफार्मर लगाने और नियमित बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की. साथ ही चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर विद्युत व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गयी तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.

आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए