सीवान में आभूषण दुकान चोरी का दो माह बाद भी खुलासा नहीं, पुलिस के हाथ खाली
सांकेतिक तस्वीर
मुफस्सिल थाना क्षेत्र में आभूषण दुकान में हुई लाखों की चोरी का दो माह बाद भी पुलिस खुलासा नहीं कर पाई है. दुकानदार और स्थानीय व्यवसायी पुलिस की जांच से असंतुष्ट हैं और जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
Siwan Jewelry Shop Theft: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के ओरेमा बाजार स्थित आभूषण दुकान में हुई चोरी की घटना को दो माह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन पुलिस अब तक चोरों का पता नहीं लगा सकी है. 24 जून की देर रात चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर करीब चार से पांच लाख रुपये मूल्य के चांदी के आभूषण, पीतल के बर्तन समेत अन्य सामान चोरी कर लिया था. घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की थी, लेकिन अब तक न तो चोरी गए सामान की बरामदगी हो सकी है और न ही किसी आरोपी की गिरफ्तारी हुई है.
आपके शहर में
सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो टूटा मिला शटर
पुरानी बजाजी निवासी दुकानदार धर्मेंद्र कुमार सोनी ओरेमा बाजार में अंकित अलंकार ज्वेलर्स नाम से दुकान चलाते हैं. 25 जून की सुबह करीब नौ बजे जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो शटर का ताला टूटा हुआ मिला. दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा था. जांच करने पर आभूषण और पीतल के बर्तन समेत करीब चार से पांच लाख रुपये मूल्य का सामान गायब मिला.
सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल चुकी है पुलिस
दुकानदार ने घटना की सूचना डायल 112 को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले थे. फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया गया, लेकिन अब तक पुलिस को सफलता नहीं मिली है.
पुलिस जांच पर उठ रहे सवाल
घटना के बाद पुलिस की ओर से जल्द चोरों की गिरफ्तारी और मामले के उद्भेदन की बात कही गयी थी. हालांकि, दो माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी चोरी की घटना का खुलासा नहीं हो सका है. चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से पुलिस की जांच पर भी सवाल उठने लगे हैं.
दुकानदार और व्यवसायियों में नाराजगी
घटना का उद्भेदन नहीं होने से दुकानदार और आसपास के व्यवसायियों में नाराजगी है. दुकानदार का कहना है कि लाखों रुपये की संपत्ति चोरी होने के बाद भी अब तक सामान बरामद नहीं हो सका है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है. व्यवसायियों ने पुलिस से जल्द मामले का खुलासा कर चोरों को गिरफ्तार करने और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है.
जांच जारी होने का पुलिस का दावा
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है. चोरों की पहचान करने के लिए उपलब्ध साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है. पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान होने के बाद उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए