सीवान के सरकारी स्कूलों में सप्ताह में दो दिन निरीक्षण करेंगे सीआरसीसी, 8 विद्यालयों का भ्रमण अनिवार्य
जारी पत्र
सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ाने के लिए एक नई पहल शुरू की गई है. कॉम्प्लेक्स रिसोर्स सेंटर समन्वयक (सीआरसीसी) अब नियमित रूप से स्कूलों का दौरा कर शिक्षण व्यवस्था का जायजा लेंगे. यह कदम शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.
Education Reform: जिले के सरकारी विद्यालयों में पढ़ाई की गुणवत्ता और शिक्षण व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कॉम्प्लेक्स रिसोर्स सेंटर समन्वयक (सीआरसीसी) अब नियमित रूप से स्कूलों का भ्रमण करेंगे. प्राथमिक शिक्षा निदेशालय ने सीआरसीसी के विद्यालय भ्रमण की व्यवस्था में बदलाव करते हुए सप्ताह में दो दिन स्कूलों का भ्रमण अनिवार्य किया है. प्रत्येक माह कम से कम आठ विद्यालयों का भ्रमण कर 16 कक्षाओं का अवलोकन करना होगा.
आपके शहर में
इस संबंध में प्राथमिक शिक्षा निदेशक कुमार निशांत विवेक ने निर्देश जारी किया है. कक्षा अवलोकन के लिए राज्य स्तर पर विकसित क्लासरूम ऑब्जर्वेशन टूल (सीओटी) का इस्तेमाल किया जाएगा. निरीक्षण से संबंधित सभी प्रविष्टियां ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर दर्ज करनी होंगी.
सीधे कक्षा में पहुंचकर शिक्षण व्यवस्था का लेंगे जायजा.
सीआरसीसी सीधे कक्षा में पहुंचकर शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया, बच्चों की सहभागिता और शिक्षकों की शिक्षण पद्धति का जायजा लेंगे. प्रत्येक भ्रमण के दौरान दो कक्षाओं का अवलोकन किया जाएगा. पहले दिन कक्षा एक-दो और तीन-चार में से एक-एक कक्षा का चयन किया जाएगा, जबकि दूसरे दिन कक्षा पांच-छह और सात-आठ में से एक-एक कक्षा का अवलोकन होगा. इस प्रकार प्रत्येक विद्यालय भ्रमण के दौरान कम से कम दो कक्षाओं की जांच की जाएगी.
इसके बाद चयनित बच्चों के सीखने के स्तर का संक्षिप्त आकलन भी किया जाएगा. सीआरसीसी संबंधित शिक्षक को मौके पर ही रचनात्मक सुझाव और अकादमिक मार्गदर्शन देंगे. बच्चों की कॉपियों, मूल्यांकन अभिलेखों और पढ़ाई से संबंधित अन्य साक्ष्यों की भी समीक्षा की जाएगी.
शिक्षण की वास्तविक स्थिति का होगा आकलन.
विद्यालय भ्रमण का उद्देश्य कक्षा-कक्ष में शिक्षण की वास्तविक स्थिति का आकलन कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित करना है. निरीक्षण के दौरान बच्चों की सीखने की स्थिति, शिक्षकों की शिक्षण पद्धति और कक्षा में विद्यार्थियों की सहभागिता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. इससे स्कूलों में शिक्षण व्यवस्था को और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी.
शनिवार को होगी शिक्षकों की अकादमिक बैठक.
प्रत्येक शनिवार को सीआरसी में सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक शिक्षकों की अकादमिक बैठक आयोजित होगी. इसमें कक्षा स्तर के अनुसार शिक्षकों को शामिल किया जाएगा. बैठक में कमजोर छात्रों को बेहतर सहयोग देने, पाठ योजना तैयार करने, प्रभावी शिक्षण विधियों और मूल्यांकन परिणामों समेत अन्य अकादमिक विषयों पर चर्चा होगी.
इसे भी पढ़ें: पटना: रौशन आनंद प्रदर्शनों के बीच गर्दनीबाग पहुंचे, कहा-मेरे पास आयोग का काला चिठ्ठा, BPSC-BSSC घेरेंगे
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए