नेपाल से बाढ़ के पानी के साथ पहुंची अज्ञात मछलियों को लेकर सीवान में अलर्ट, प्रशासन ने खाने से किया मना

Updated:
विज्ञापन

जिला प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी

सीवान जिले में नेपाल से बाढ़ के पानी के साथ पहुंची अज्ञात और असामान्य मछलियों को लेकर प्रशासन ने आम लोगों को सतर्क किया है. इन मछलियों के सेवन से बीमार पड़ने की सूचना के बाद, लोगों से इन्हें न खाने की अपील की गई है.

विज्ञापन

Siwan Alert: नेपाल की ओर से बाढ़ के पानी के साथ बिहार के कुछ क्षेत्रों में पहुंची अज्ञात एवं असामान्य मछलियों को लेकर सीवान जिला प्रशासन ने आम लोगों को सतर्क किया है. प्रशासन ने लोगों से ऐसी मछलियों का सेवन नहीं करने और बिना पहचान एवं संबंधित विभाग की पुष्टि के किसी भी अपरिचित मछली को खाने योग्य नहीं मानने की अपील की है.

आपके शहर में

विज्ञापन

मत्स्य विभाग की एडवाइजरी के बाद प्रशासन सतर्क

डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग, बिहार सरकार के मत्स्य प्रभाग की ओर से जारी एडवाइजरी के आधार पर जिला प्रशासन ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है. विभाग को नेपाल से बाढ़ के पानी के साथ बिहार के कुछ क्षेत्रों में अज्ञात और असामान्य प्रकार की मछलियों के पहुंचने की सूचना मिली है.

प्रशासन के अनुसार, ऐसी मछलियों के सेवन के बाद कुछ लोगों के बीमार पड़ने की जानकारी भी सामने आयी है. इसी को देखते हुए लोगों से अपरिचित मछलियों के सेवन से बचने की अपील की गयी है.

बाढ़ के पानी में पकड़ी मछली से क्यों बरतनी है सावधानी?

प्रशासन के अनुसार बाढ़ के दौरान तालाबों, नदियों, झीलों और अन्य जलाशयों से मछलियां निकलकर पानी के साथ दूर-दूर तक फैल सकती हैं. बाढ़ का पानी गंदी नालियों, मृत जानवरों और अन्य दूषित पदार्थों के संपर्क में रहता है.

ऐसे पानी में रहने वाली मछलियां जीवाणु, विषाणु और कवक आदि से दूषित हो सकती हैं. इसलिए बाढ़ के पानी से पकड़ी गयी अज्ञात या असामान्य मछलियों का सेवन स्वास्थ्य के लिए जोखिम पैदा कर सकता है.

खरीद-बिक्री और खाने से बचने की अपील

जिला प्रशासन ने लोगों से बाढ़ के पानी से पकड़ी गयी अज्ञात अथवा असामान्य दिखने वाली मछलियों को खरीदने, बेचने और खाद्य उपयोग में लाने से बचने की अपील की है.

प्रशासन ने कहा है कि जब तक जल एवं वातावरण की स्थिति सामान्य नहीं हो जाती और प्राकृतिक रूप से गंदगी व रोग फैलाने वाले कारक समाप्त नहीं हो जाते, तब तक बाढ़ के पानी से पकड़ी गयी अपरिचित मछलियों के सेवन से बचना जरूरी है.

ये लक्षण दिखें तो तुरंत लें चिकित्सकीय सलाह

प्रशासन ने कहा है कि यदि ऐसी मछली खाने के बाद किसी व्यक्ति को उल्टी, दस्त, पेट दर्द, चक्कर, सांस लेने में कठिनाई या अन्य असामान्य लक्षण दिखाई दें, तो तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल में चिकित्सकीय परामर्श लें.

अज्ञात मछली मिले तो प्रशासन को दें सूचना

कहीं भी अज्ञात या असामान्य मछली मिलने पर संबंधित जिला मत्स्य पदाधिकारी या स्थानीय प्रशासन को सूचना देने की अपील की गयी है.

जिला प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और अपनी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अपरिचित मछलियों के सेवन से पूरी तरह बचने को कहा है.

इसे भी पढ़ें: BPSC TRE-4 के फॉर्म पर ब्रेक, छात्रों के आंदोलन के बाद फिर गरमायी सियासत, जानिए अब क्या होगा

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन