सीवान में तेज धूप से धान की फसल पर मंडराया संकट, पत्तियां सूखने लगीं, जानिए क्यों परेशान हैं किसान

Updated:
विज्ञापन

धूप से बचने के लिए गमछा ओढ़ कर जाते बच्चे

तेज धूप और उमस भरी गर्मी का प्रकोप भादो महीने में भी जारी है, जिससे खड़ी धान की फसल झुलसा रोग की चपेट में आ रही है. पीली पड़ती और सूखती पत्तियां किसानों को चिंतित कर रही हैं, जो पर्याप्त नमी और बारिश का इंतजार कर रहे हैं. स्कूलों में बच्चों को भी गर्मी से परेशानी हो रही है, अभिभावक समय बदलने की मांग कर रहे हैं.

विज्ञापन

भादो महीने में भी मौसम का मिजाज तल्ख बना हुआ है. पिछले कई दिनों से तेज धूप और उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत नहीं मिल रही है. सुबह से ही धूप की तपिश शुरू हो जा रही है, जो दोपहर तक और तेज हो जाती है. गर्मी के कारण दोपहर में बाजार और सड़कों पर लोगों की आवाजाही भी कम हो रही है.

आपके शहर में

विज्ञापन

तेज धूप का धान की फसल पर असर

लगातार पड़ रही तेज धूप का असर अब खेतों में खड़ी धान की फसल पर भी दिखाई देने लगा है. जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में कई जगहों पर धान की फसल में झुलसा रोग के प्रकोप की शिकायत सामने आ रही है.

किसानों के अनुसार धान की पत्तियां पीली पड़ने के साथ किनारे से सूखने लगी हैं. इससे किसान फसल को लेकर चिंतित हैं. किसानों का कहना है कि धान की फसल के लिए इस समय खेतों में पर्याप्त नमी जरूरी है, लेकिन तेज धूप के कारण खेतों की नमी तेजी से कम हो रही है.

बारिश नहीं होने से बढ़ा सिंचाई का खर्च

बारिश नहीं होने के कारण किसानों की परेशानी बढ़ गयी है. जिन किसानों के पास सिंचाई की सुविधा है, वे मोटर पंप के सहारे खेतों में पानी पहुंचा रहे हैं. वहीं बारिश पर निर्भर किसानों की मुश्किलें और अधिक बढ़ गयी हैं.

किसानों ने बताया कि मौसम का यही हाल रहा और जल्द बारिश नहीं हुई तो धान की फसल को नुकसान पहुंच सकता है. इससे उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है.

कृषि विभाग से निरीक्षण और सलाह की मांग

किसानों ने कृषि विभाग से खेतों का निरीक्षण कराने की मांग की है. साथ ही झुलसा रोग से बचाव के लिए आवश्यक सलाह और दवा उपलब्ध कराने की अपील की है, ताकि समय रहते फसल को नुकसान से बचाया जा सके.

धूप में स्कूल से लौटते बच्चों की बढ़ी परेशानी

तेज धूप और उमस भरी गर्मी का असर स्कूली बच्चों पर भी पड़ रहा है. दोपहर में स्कूल की छुट्टी के बाद बच्चों को तपती धूप में घर लौटना पड़ रहा है.

कई बच्चे छाता लेकर, तो कई सिर पर गमछा रखकर घर जाते दिखाई दे रहे हैं. अभिभावकों का कहना है कि गर्मी के कारण बच्चों को काफी परेशानी हो रही है. लंबे समय तक धूप में रहने से बच्चे थक जा रहे हैं.

अभिभावकों ने भीषण गर्मी को देखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव करने की मांग की है.

इसे भी पढ़ें: BPSC TRE-4 के फॉर्म पर ब्रेक, छात्रों के आंदोलन के बाद फिर गरमायी सियासत, जानिए अब क्या होगा

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन